होटलों में होगी पर्यटकों की स्क्रीनिंग
उदयपुर. अब शहर के होटल संचालक भी यहां आने वाले पर्यटकों की स्क्रीनिंग करेंगे। स्क्रीनिंग के दौरान वे पर्यटकों के शारीरिक लक्षण व उनके आने के स्थान आदि की जानकारी लेंगे। यदि किसी पर्यटक का स्वास्थ्य खराब लगता है या स्वाइन फ्लू से संबंधित लक्षण नजर आते हैं तो उन्हें तुरंत एमबी अस्पताल में जानकारी देनी होगी।
होटल संचालकों को ये निर्देश गुरुवार को जिला परिषद सभागार में हुई बैठक में दिए गए। कलेक्टर आनंद कुमार के निर्देशन में हुई इस बैठक में शहर के लगभग बारह होटल संचालकों व दस मेडिकल प्राइवेट प्रेक्टिशनर्स ने हिस्सा लिया था। विभाग की डिप्टी सीएमएचओ डॉ. पूनम पोसवाल ने इस अवसर पर प्राइवेट प्रेक्टिशनर्स और होटल संचालकों को स्वाइन फ्लू के लक्षणों व अस्पताल में जानकारी देने संबंधी आवश्यक जानकारी दी।
प्रभावित क्षेत्र से आने वालों का विशेष ध्यान
बैठक में होटल संचालकों को बताया गया कि स्वाइन फ्लू के प्रभावित क्षेत्रों जैसे मुंबई और पुणो से आने वाले रोगियों पर विशेष निगरानी रखें। होटल में आने के बाद उनके स्वास्थ्य की बराबर जानकारी लेते रहें। अगर किसी पर्यटक के आसपास कभी कोई पॉजिटिव केस निकला हो तो उसकी जानकारी भी लें। अगर किसी पर्यटक में स्वाइन फ्लू से संबंधित लक्षण दिखाई देते हैं, तो एमबी अस्पताल के स्वाइन फ्लू विभाग में इसकी जानकारी देनी होगी।
प्राइवेट प्रेक्टिशनर्स लें हेल्थ हिस्ट्री
विभाग ने प्राइवेट मेडिकल प्रेक्टिशनर्स को भी निर्देशित किया है कि वे देशी व विदेशी पर्यटकों के शारीरिक लक्षणों का मूल्यांकन अवश्य करें। अगर स्वाइन फ्लू का संदिग्ध रोगी लगता है तो उसकी हेल्थ हिस्ट्री लेनी होगी। उससे संबंधित पूरी जानकारी जुटाएं। हेल्थ हिस्ट्री जुटाने के बाद अगर वो स्वाइन फ्लू का संदिग्ध रोगी लगता है तो उसकी हेल्थ हिस्ट्री एमबी अस्पताल में संबंधित विभागाध्यक्ष को देनी होगी, ताकि उसके आगे की जांच तुरंत प्रभाव से शुरू की जा सके।
कोटा से आया स्वाइन फ्लू का संदिग्ध
एमबी अस्पताल में गुरुवार को कोटा से आए एक रोगी को स्वाइन फ्लू का संदिग्ध रोगी मानते हुए जांच नमूने एसएमएस जयपुर स्थित प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। बताया गया कि गौरव (20) पुत्र मोहनलाल चौधरी निवासी तलवंडी कोटा को गले में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, सर्दी जुकाम और बुखार है।
गुरुवार सुबह गौरव के पिता ने उसे आउटडोर में दिखाया था। जहां बैठे चिकित्सक ने उसे स्वाइन फ्लू का संदिग्ध रोगी मानते हुए जांच करवाने के निर्देश दिए। दूसरी तरफ गीतांजलि मेडिकल कॉलेज में भर्ती चित्तौड़ निवासी दिव्य (10) और एमबी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती नीमा (39) के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। वहीं एमबी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती अन्य दो संदिग्ध रोगियों की जांच रिपोर्ट गुरुवार तक नहीं आई।










