सात साल की उम्र से ही फ्लर्टी
चंडीगढ़. इस शो के जरिये ‘तुम मिले’ फिल्म की स्टारकास्ट दर्शकों के रूबरू हुई। इमरान, सोहा और डायरेक्टर कुणाल देशमुख ने अपनी जिंदगी से जुड़ी कई बातों को सीधा अपने चाहने वालों के साथ शेयर किया। इमरान ने चंडीगढ़ की लड़कियों की तरफ इशारा करते हुए कहा, ‘इतनी खूबसूरत लड़कियां एक साथ सिर्फ इस शहर में दिख सकती हैं।
मुझे जब भी मौका मिलेगा तो मैं इस शहर में जरूर अऊंगा।’ सोहा अली बोलीं, ‘जैसा इस शहर के बारे में सुना था, यह शहर वैसा ही निकला। शांत वातावरण, सुंदर खुली सड़कें और खुशमिजाज लोग।’ इसी मौके पर पता चला कि इस फिल्म की स्क्रिप्ट रीडिंग के दौरान ही सोहा और इमरान की पहली बार मुलाकात हुई। सोहा ने बताया कि उनके मन में डर था कि इमरान हाशमी के साथ फिल्म है, तो बोल्ड सीन तो होंगे ही।
लेकिन इमरान ने पहली ही मुलाकात में सोहा की झिझक दूर कर दी। फिर बात शुरू हुई इमरान के गीतों और लकी चार्म पर, तो इमरान बोले, कई बार लोगों ने उनसे पूछा है कि कहीं वह खुद अपनी फिल्म के लिए संगीत तो नहीं तैयार करते। इमरान खुद को लकी मानते हैं कि उन्हें हमेशा हिट गाने मिले और वह चाहते हैं यह रिकॉर्ड हमेशा बरकरार रहे।
बात आई दोनों के बचपन की: इमरान बचपन से ही ऐसे कामों में तेज थे। प्रेम की डगरिया पर इमरान ने बहुत जल्दी कदम रख लिए थे। घरवाले भी हैरान होते थे कि यह बच्च अभी ऐसा है तो बड़ा होकर कैसा होगा। सोहा ने अपने बचपन को काफी ‘कूल’ बताया।
वह बताती हैं कि पढ़ाई और स्कूल से इतना लगाव था कि स्कूल में छुट्टी होने पर वह रोने लगती थीं। उन्होंने अपनी कोई क्लास बंक नहीं की। इसकी वजह भी है, सोहा हर क्लास में हर टीचर की फेवरेट स्टूडेंट जो थीं। सोहा ने बताया कि वह जितनी शरीफ थीं, उनके भाई सैफ उतने ही शैतान थे।
बारिश वही, नजरिया अलग-अलग: बारिश को देखकर इमरान का मूड रोमांटिक हो जाता है, तो सोहा को कीचड़ और गंदगी ही नजर आती है। इमरान कहते हैं, बारिश ऐसा मौसम है जिसे देखकर रोमांटिक फीलिंग्स अपने आप आ जाती हैं। वहीं, सोहा कहती हैं, बारिश का मतलब मच्छर, कीचड़ और बिमारियां।
बिगाड़ दिया इमरान ने: शर्मिला की शर्मिली, छुई-मुई सी बेटी सोहा से जब पूछा गया कि इमरान ने फिल्म के दौरान कहीं बिगाड़ तो नहीं दिया तो, वह बोलीं कि इमरान के साथ काम करने के बाद इमेज ही बदल गई है। अब बात बोल्ड सीन की हो या किसिंग सीन की, सोहा पीछे नहीं हटेगी।
हालांकि उन्होंने बताया कि जब उन्हें पता चला कि इस फिल्म में इमरान उनके हीरो हैं तो उन्होंने पहले ही पूछा कि इसमें किस सीन कितने रहेंगे? बात सिर्फ एक किस की हुई थी, लेकिन इमरान माने तब न। डायरेक्टर के कहने पर बाद में ये सीन बढ़ाए गए।
पेरेंट्स को किया नाराज : फिल्मों में आने से पहले सोहा डेवलपमेंट और बैंकिंग सेक्टर से जुड़ी थीं, लेकिन अपनी जॉब से जल्द ही बोर हो गईं और एक्टिंग को करिअर बनाया। पहली फिल्म साइन तो कर ली, लेकिन पेरेंट्स को नहीं बताया।
इससे सोहा के पेरेंट्स नाराज भी रहे, कई दिनों तक तो बातचीत भी बंद रही। इसके बाद सोहा ने तय किया कि ऐसा कोई काम नहीं करना, जिससे पेरेंट्स नाराज हो। अब गिले-शिकवे दूर हो चुके हैं और कई फिल्मों की सेलेक्शन में सोहा अपनी मां की सलाह भी लेती हैं।










