सिमी के तीन गुर्गो को कोर्ट ने जेल भेजा
जबलपुर. सिमी के प्रदेश सचिव इनामुर्रहमान को जिला न्यायालय ने आज रिमांड पर एटीएस को सौंप दिया है। सीजेएम शरदचन्द सक्सेना ने रिमांड की अवधि 16 तक के लिए मंजूर की, जबकि संगठन के 3 अन्य गुर्गो को जेल भेज दिया। गौरतलब है कि एटीएस और जबलपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए विगत 2 नवम्बर को चारखम्भा से सिमी के चार लोगों को गिरफ्तार किया था।
खंडवा निवासी इनामुर्रहमान सिमी का प्रदेश सचिव और वहीं रहने वाला अमजद सिमी का सक्रिय कार्यकर्ता है, जबकि जबलपुर में रहने वाला शेख अफरोज व आजाद अहमद उनके लोकल एजेंट के रूप में काम करते थे। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को एटीएस ने विगत 3 नवम्बर को कोर्ट में पेश किया था, जहां से उन्हें दस दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया था।
आज चारों आरोपियों को फिर से कोर्ट में पेश किया गया। शासन की ओर से डीपीओ आदेश सराफ ने कोर्ट को बताया कि इनामुर्रहमान ने गत दिवस मेमोरेंडम पर कुछ सनसनीखेज जानकारियां दी हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए एटीएस और पुलिस को इनामुर्रहमान को लेकर देवास तक जाना होगा।
इस आधार पर श्री सराफ ने इनामुर्रहमान को पुलिस रिमांड पर सौंपे जाने का निवेदन किया। अदालत ने पुलिस द्वारा पेश किए गए तथ्यों का अवलोकन करने के बाद इनामुर्रहमान को 16 नवम्बर तक के रिमांड पर पुलिस को सौंप दिया, जबकि शेष अन्य को 27 नवम्बर तक न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए।










