पड़ोस की चिंगारी से जल गया शोरूम
चंडीगढ़. सेक्टर-7 मध्यमार्ग में शुक्रवार दोपहर जेम फर्नीचर्स के शोरूम में आग लग गई। दोपहर करीब दो बजे लगी आग को रात आठ बजे पूरी तरह काबू किया जा सका। छोटी सी चिंगारी से शुरू हुई आग केमिकल के संपर्क में आने के बाद भड़क उठी और विकराल रूप ले लिया। दुकान में रखा सब कुछ खाक हो गया। बताया जाता है कि 30 से 40 लाख का सामान जला है।
आग से बिल्डिंग में दरारें भी पड़ गई हैं। दोपहर करीब पौने दो बजे जेम फनीचर्स के पीछे स्टोर में आग लगी। तब दुकान में करीब 40 कर्मचारी और ग्राहक मौजूद थे। दुकान संचालक सुरेश भाटिया ने बताया कि एससीओ- नंबर 31 के रेडेंट ऑटो की दुकान खाली हो रही थी। वेल्डिंग कटर से उनके लोहे के गार्डर काटे जा रहे थे। उनका आरोप है कि वहीं से चिंगारी निकल कर उनकी दुकान में गिरी।
दुकान में स्पिरिट का ड्रम और थिनर का केन था। थिनर से आग और भड़क उठी। आग की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड के 11 टेंडर, हाइड्रोलिक लैडर, थाना पुलिस, पीसीआर और ट्रैफिक पुलिस पहुंची। लोगों का आरोप था कि फायर ब्रिगेड करीब 25 मिनट की देरी से पहुंची। आग की लपटों पर दोपहर चार बजे तक काबू पा लिया गया था, लेकिन अंदर आग सुलग रही थी। फायर ऑफिसर एमएल शर्मा ने बताया कि 2.15 बजे सूचना मिली थी। 5 मिनट के अंदर यहां गाड़ियां पहुंच गईं।










