Saturday, November 14, 2009 07:04 [IST]  

danik bhaskarजोधपुर से और ज्यादा पानी मांगा

भास्कर न्यूज

पाली. पेयजल हालात की समीक्षा के लिए शुक्रवार को जयपुर से जलदाय विभाग के मुख्य अभियंता देवेष भारद्वाज पाली पहुंचे। भारद्वाज को राज्य सरकार ने पाली व जालोर जिले का प्रभारी भी बना रखा है। कलेक्टर तथा जलदाय विभाग के अफसरों के साथ बैठक कर उन्होंने जिले में वर्तमान में पेयजल सप्लाई व्यवस्था और आपात योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।



कलेक्टर ने बैठक में जोधपुर से और मात्रा में पाइपलाइन से पेयजल सप्लाई के साथ जवाई—पाली पाइपलाइन के बचे हुए भाग का काम जल्द ही पूरा करने की आवश्यकता जताई। चीफ इंजीनियर ने जोधपुर से अतिरिक्त मात्रा में सप्लाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने जल्द ही पाइपलाइन का बाकी काम पूरा कर जवाई से सीधे ही पानी सप्लाई के निर्देश अधिकारियों को दिए।



असल में, वर्तमान में जिले के छह शहरों व 228 गांवों में जवाई बांध से पानी सप्लाई हो रहा है, जबकि जोधपुर के कुड़ी हौद से रोहट के लिए फिलवक्त रोजाना 30 लाख लीटर पानी आ रहा है। शुक्रवार को जयपुर से आए प्रभारी मुख्य अभियंता भारद्वाज के साथ हुई बैठक में कलेक्टर ने बताया कि गर्मियों के दिनों में वाटर ट्रेन व पाइपलाइन से रोजाना करीब 1 करोड़ 10 लाख लीटर की मात्रा में पाली के लिए पानी सप्लाई की जा रही थी।



उस व्यवस्था को जल्द ही शुरू कराने की डिमांड बैठक में जताई, ताकि पाली शहर में पेयजल सप्लाई में इतनी मात्रा में पानी का इस्तेमाल किया जा सके। बैठक में यह भी तर्क दिया कि जोधपुर से पानी की मात्रा बढ़ते ही जवाई बांध से पाली के लिए आ रहे पानी की बचत हो सके। चीफ इंजीनियर देवेष भारद्वाज ने इससे पहले जलदाय विभाग कार्यालय में अधिकारियों के साथ भी बैठक की। विभाग के अधीक्षण अभियंता भुवनेश माथुर समेत तीनों वृत्त के अधिशासी अभियंताओं ने पेयजल सप्लाई व्यवस्था की जानकारी दी।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: