Saturday, November 14, 2009 07:05 [IST]  

danik bhaskarएक बार फिर कथित रैगिंग का मामला उजागर

Bhaska News

सागर. डॉ. हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के विधि विभाग में पिछले दिनों कथित रैगिंग का एक और मामला उजागर हुआ है। विभागाध्यक्ष ने शिकायत प्राप्त होने के बाद प्रॉक्टोरियल बोर्ड को मामले की जांच करने कहा है। बोर्ड ने भी आरोपी विद्यार्थियों को नोटिस जारी कर 20 नवंबर को बोर्ड के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। मामले की जांच विभाग की अनुशासन समिति कर रही है।



घटना बुधवार की है। जब विधि विभाग में एलएलएम तृतीय सेमेस्टर की छात्राओं के साथ विभाग के ही कतिपय विद्यार्थियों ने रास्ता रोककर अभद्रता कर गाली-गलौज की। छात्राओं ने इसकी जानकारी एलएमएम तृतीय सेमेस्टर के अन्य विद्यार्थियों को दी।



विद्यार्थियों ने विभागाध्यक्ष डॉ. पीपी सिंह को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। आवेदन में बताया कि एलएलबी ऑनर्स के छात्र रवि नायक, विनीत जैन, सत्येंद्र जैन, गुरुचरण सिंह, सिद्धार्थ पचौरी और उमर सिंह विभाग के परिसर में मिठाई बांट रहे थे।



इसी समय एलएलएम तृतीय वर्ष की छात्राएं कक्षा से निकलकर घर जा रही थीं। छात्राओं ने इन छात्रों से रास्ते से अलग होने के लिए कहा। लेकिन यह छात्र गाली-गलौज करने लगे। जैसे-तैसे छात्राएं अपने घर पहुंचीं। दूसरे दिन घटना की जानकारी कक्षा के अन्य विद्यार्थियों को दी। इस संबंध में कुलपति से भी शिकायत की गई है।



माह में दूसरी घटना
नवंबर के पहले सप्ताह में भी विधि विभाग के एक छात्र की हॉस्टल के कतिपय छात्रों ने पिटाई कर दी थी। पीड़ित छात्र विभाग के सामने परिसर में बैठा था। इसी समय हॉस्टल का एक छात्र अपने साथियों के साथ आया और पीड़ित छात्र की पिटाई कर दी।



इस मामले में प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने पीड़ित एवं दोषी छात्रों को नोटिस जारी किए हैं। प्रॉक्टर प्रो. आरपी गौतम ने बताया कि पीड़ित छात्र के बयान लिए जा चुके हैं। आरोपी छात्रों को 19 नवंबर को बोर्ड के समक्ष उपस्थित होकर बयान देने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। प्रो. गौतम का कहना था कि जो भी छात्र इन मामले में दोषी पाए जाएंगे उनके विरुद्ध बोर्ड द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: