व्यापमं कराएगा एफआईआर
सागर. सागर मेडिकल कॉलेज में मिले कतिपय 9 फर्जी छात्रों के मामले में व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) भोपाल में एफआईआर दर्ज कराने जा रहा है। व्यापमं ने इन छात्रों के खिलाफ धोखाधड़ी से पीएमटी उत्तीर्ण करने एवं एमबीबीएस प्रथम वर्ष में एडमिशन लेने के लिए दस्तावेजों एवं फोटो में कूट-रचना करने आदि आरोपों की रिपोर्ट करने की तैयारी कर ली है।
शुक्रवार को कॉलेज डीन डॉ. एससी तिवारी ने बताया कि व्यापमं से एक पत्र आया है जिसमें बताया गया है कि वह भोपाल के एमपी नगर थाना में रिपोर्ट दर्ज करा रहे हैं। हालांकि अभी तक इस मामले में सागर में हमारी ओर से किसी तरह की एफआईआर नहीं की गई है।
कॉलेज प्रबंधन ने इस संबंध में जिले के एसपी योगेश चौधरी से चर्चा की थी। जिसमें उन्होंने कहा था कि एक ही मामले में दो अलग-अलग थानों में एफआईआर कराना आवश्यक नहीं है। फिलहाल व्यापमं की मदद के लिए संबंधित छात्र-छात्राओं के दस्तावेज मय फोटो के भोपाल भेजे जा रहे हैं।
एफएसएल तय करेगा भविष्य पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक फोटो बदलकर किसी भी तरह का लाभ लेने जैसे मामलों में मुख्यत: फोरेन्सिक जांच करवाई जाती है। फोरेन्सिक लैब के परिणाम पर ही न्यायालय इन कतिपय विद्यार्थियों का भविष्य तय करेगा।
दूसरी ओर कॉलेज प्रबंधन के मुताबिक इस जांच की लपेट में आने वाले विद्यार्थी अब भी नियमानुसार कक्षाएं अटैंड कर रहे हैं। हालांकि इनमें से शुरुआती जांच में सामने आए तीन छात्रों की उपस्थिति कभी-कभी एक साथ कम हो रही है।
छात्रों की संख्या हुई 100 कथित फर्जी छात्रों के मामले में उलझे कॉलेज प्रबंधन को शुक्रवार का दिन राहत भरा रहा। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर यहां उज्जैन के आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के 8 छात्रों ने निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर एडमिशन ले लिया। प्रबंधन के अनुसार पूर्व में दो चरणों में हुई एडमिशन प्रक्रिया में यहां 92 छात्रों ने एडमिशन लिया था। जो अब 100 हो गए हैं।।










