अवैध कब्जा ध्वस्त 3 महिलाएं गिरफ्तार
कोटा. पुराने कोटा के फतेहगढ़ी मोहल्ले में परकोटे के पास किया गया अवैध कब्जा नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने शुक्रवार को ध्वस्त कर दिया। साथ ही अवैध कब्जा करने वाले परिवार की तीन महिलाओं को भी पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
इन महिलाओं पर सार्वजनिक सुविधाघर को कब्जाने के लिए तोड़फोड़ का आरोप है। निगम का दस्ता पुलिस का जाब्ता साथ लेकर अवैध कब्जा गिराने पहुंचा था। वहां रमाकांत नामक व्यक्ति ने परकोटे के उपर मकान बना रखा है। इसके अलावा नीचे भी मुख्य रास्ते के पास अतिक्रमण करके आरसीसी के दो पिल्लर खड़े कर लिए था।
इसके सामने बने सुविधाघर को भी तोड़फोड़ कर कब्जाने का प्रयास किया। निगम के दस्ते ने परकोटे के पास खड़े किए गए पिल्लर जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिए। साथ ही सुविधाघर से भी पत्थर हटाकर अपने कब्जे में ले लिया है। निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मदनमोहन शर्मा के मुताबिक अतिक्रमण का यह मामला न्यायालय में चल रहा था।
न्यायालय ने कार्रवाई के आदेश दिए थे। निगम ने पहले रमाकांत को नोटिस जारी करने के साथ ही उसका पक्ष सुना था। उसके बाद ही कार्रवाई की है। उधर रमाकांत के परिजनों का आरोप है कि न्यायालय से स्टे के बावजूद उसका निर्माण तोड़ दिया गया। फतेहगढ़ी मोहल्ले में कई जगह परकोटे पर अतिक्रमण हैं लेकिन सिर्फ उसका ही निर्माण तोड़ा गया है।
उधर रामपुरा कोतवाली पुलिस सूत्रों ने बताया कि सुविधाघर को तोड़ने के आरोप में रमाकांत के परिवार की तीन महिलाओं कैलाशबाई, निर्मला और संतोष को शांतिभंग के मामले में गिरफ्तार किया था। बाद में एडीएम सिटी के समक्ष पेश करने पर तीनों को जमानत पर छोड़ दिया गया।










