‘सरकार न मौको दे द्यो, थां जिताओ’
कोटा. राज्य सरकार ने पहली बार निगम व पालिका चुनावों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया है। इसके तहत कोटा में भी 29 सीटें महिलाओं को लिए आरक्षित की गई है। इनमें कांग्रेस ने जहां 30 सीटों पर महिलाओं को टिकट दिया है, वहीं भाजपा ने 29 महिलाओं को मैदान में उतारा है। इसके अतिरिक्त 97 महिलाएं निर्दलीय रूप में चुनाव मैदान में हैं, हालांकि इनमें से कुछ शनिवार को नामांकन वापसी के दिन नाम वापस ले सकती है।
डॉक्टर से लेकर वकील तक
प्रत्याशी महिलाएं साक्षर से लेकर डॉक्टर व वकील तक हैं। महापौर का चुनाव लड़ने वाली महिलाएं डॉक्टर, वकील व एमए पढ़ी हुई हैं तो पार्षद के लिए उतरी कुछ महिलाओं ने ने पांचवी तक शिक्षा ली है तो कुछ दसवीं तक ही पढ़ी हुई है। कुछ ने एमए व एमकॉम-एलएलबी की हुई है।
पति संभाल रहे हैं रसोई
चुनाव लड़ रही महिलाओं की दिनचर्या बदल गई है। पहले वे उठते ही रसोई का मुंह करती थी, अब वे उठते ही कहां संपर्क करना है, इसकी योजना बनाने में जुट जाती हैं। इसमें उन्होंने अपने पति को भी शामिल कर लिया है। कई घरों में तो चाय बनाने से लेकर अन्य कार्य अब पतियों के हवाले हो गए हैं।
महिलाएं सुबह आठ बजे ही कुछ साथी महिलाओं को लेकर निकल पड़ती है वार्ड में घरों का दरवाजा खटखटाती है और बुलाती है महिलाओं को। उन्हें अपने समर्थन में वोट देने के लिए कहती है। जिन घरों की तरफ कभी उन्होंेने मुंह नहीं किया था, वहां भी वे सुबह शाम दस्तक दे रही हैं।
बेटे-बेटियां भी निकले प्रचार पर
महिलाओं में चुनाव लड़ने का शोक इस कदर चढ़ा है कि उन्होंने अपने साथ पति व बच्चों तक को इसमें शामिल कर लिया है। प्रत्याशी महिला वार्ड में जनसंपर्क करती है, पति व बच्चे उनके साथ जाने वाले कार्यकर्ताओं के लिए चाय पानी की व्यवस्था करते हैं। यही नहीं जिस क्षेत्र में पत्नी प्रचार करने जाने वाली होती है, वहां पहले से पहुंचकर माहौल तैयार करते हैं, साथियों को ले जाकर मालाएं व पर्चे आदि पहुंचाते हैं।
पुरुष वार्ड से भी महिलाएं
निगम में आरक्षिण महिला वार्डो के अतिरिक्त पांच पुरुष वार्ड में भी महिलाओं ने नामांकन दाखिल किया है। निर्वाचन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड 5 से पूनम भील, वार्ड 11 से विमला बाई, वार्ड 18 से अमोलक देवी, वार्ड 40 से सुगना बाई व वार्ड 42 से तरुणा शर्मा शामिल है।
तीन वार्डो में त्रिकोणीय मुकाबला
निगम के 29 महिला वार्डो में तीन वार्ड ऐसे है जिनमें त्रिकोणात्मक मुकाबला है। इसमें वार्ड 22 में मीतू, सूरजकला व शबनम, वार्ड 43 में अरुणा, नीतू व ललिता देवी तथा वार्ड 55 में कौशल्या, रेणु व रानी शामिल है।










