सड़कों पर नहीं चलेगी दुकान
भीलवाड़ा. ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार सुबह बाजारों में सड़क पर सामान रख दुकानदारी कर रहे कई व्यापारियों का सामान दुकान में रखवाया तथा उन्हें सड़क पर सामान फैला कर व्यवसाय नहीं करने के लिए पाबंद किया।
पुलिस ने व्यापारियों से कहा कि व्यवस्था में सहयोग नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों द्वारा अपना सामान सड़कों पर रख व्यवसाय करने से रास्ते सिकुड़ गए, जिससे प्रतिदिन दुर्घटनाओं के साथ ही आवागमन बाधित हो रहा था।
इसको लेकर शुक्रवार को भास्कर में ‘सड़कों पर दुकान’ शीषर्क से समाचार प्रकाशित होने के बाद यातायात पुलिस हरकत में आई तथा शहर के विभिन्न बाजारों में सड़कों पर फैले सामान को दुकानों में रखवाया। ट्रैफिक इंचार्ज राजमल ने बताया कि शुक्रवार को सड़कों पर सामान रख व्यवसाय करने वालों से बातचीत कर सामान दुकान में ही रखने की हिदायत दी गई।
अब नहीं मानने पर सख्त कार्रवाई करते हुए सामान जब्त किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार सुबह मुरली विलास मार्ग, सदर बाजार, गांधी बाजार व गोल प्याऊ चौराहा सहित अन्य क्षेत्रों के व्यापारियों व ठेले पर व्यवसाय करने वालों को चेताया कि सामान सड़क पर नहीं रखे तथा मार्ग अवरुद्ध नहीं करे, वरन कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शुक्रवार से शुरू हुआ अभियान अनवरत जारी रहेगा।










