मुंबई. भारतीय स्टेट बैंक में क्लर्क की भर्ती के लिए रविवार को होने वाली परीक्षा में शामिल होने अन्य राज्यों से महाराष्ट्र आने वाले गैर-मराठी परीक्षार्थी एक बार फिर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के निशाने पर हैं। पिछले साल रेलवे की परीक्षा के दौरान गैर-मराठी परीक्षार्थियों को पीटने वाली एमएनएस ने एसबीआई की परीक्षा सिर्फ मराठी में लिए जाने और इसमें महाराष्ट्र के उन्हीं लोगों को मौका देने की मांग की है, जिनके पास यहां 15 वर्ष से रहने का प्रमाण हो।
साथ ही एमएनएस नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों को अनदेखा किया गया तो वे अपनी स्टाइल में आंदोलन करेंगे। एसबीआई में क्लर्क के 11,000 पदों के लिए रविवार को देशभर में लिखित परीक्षा होने वाली है, जिसमें मुंबई सर्कल के लिए 1,100 पद आवंटित किए गए हैं। एमएनएस विधायक बाला नांदगांवकर ने समर्थकों के साथ शनिवार को एसबीआई भर्ती बोर्ड के सदस्य श्रीराम लेले को यह चेतावनी भरा ज्ञापन सौंपा है।
परीक्षार्थियों को मिले पर्याप्त सुरक्षा : आजमी
सपा विधायक अबू आजमी ने महाराष्ट्र के डीजीपी व मुंबई पुलिस आयुक्त से राज्य के सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने का निवेदन किया है। उन्होंने जोर देकर कहा है कि इस परीक्षा के लिए दूसरे राज्यों से परीक्षार्थी एसबीआई के बुलावे पर महाराष्ट्र आने वाले हैं, लिहाजा बैंक को भी इनकी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करना चाहिए।










