प्रदेश में बढ़े अपराध : चौटाला
पंचकूला. पंचकूला में हाल ही में हुई किडनैपिंग प्रदेश में बढ़ रहे अपराध का नमूना है। कांग्रेस सरकार लोगों को सुरक्षा देने में विफल रही है। यह बात इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने शनिवार को विधायक प्रदीप चौधरी के निवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही। चौटाला ने किसानों की उपज न बिकने, उन्हें आ रही बिजली-पानी की समस्या और महंगाई के लगातार बढ़ने पर हुड्डा सरकार की आलोचना की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों को बरगलाने के लिए किसान आयोग बनाने की बात कही, जबकि पुराने कितने ही आयोगों की रिपोर्ट धूल फांक रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विधायकों की किडनैपिंग, खरीद-फरोख्त कर और पैसे के दम पर सरकार बनाई है। परमाणु संधि के समय केंद्र में भी कांग्रेस ने सांसदों की खरीद-फरोख्त की थी।
चौटाला ने कहा कि जनता ने इनेलो को शासन का जनादेश दिया था, लेकिन कांग्रेस ने छल-कपट से सरकार बनाकर प्रदेश के लोगों की भावनाओं का अनादर किया है। चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री हुड्डा ने मास्टर प्लान में बदलाव कर हजारों एकड़ जमीन एसईजेड के नाम पर अधिगृहीत की है। प्रदेश में अभी तक एक भी एसईजेड नहीं लगा। मुख्यमंत्री ने धारा-4 के नोटिसों का दुरुपयोग कर अपने करीबी लोगों को कौड़ियों के भाव किसानों की कीमती जमीनें दिलवा दीं।
इनेलो के शासनकाल में हुडा ने 98 हजार प्लॉट जारी किए थे। उन्होंने कहा कि इनेलो महंगाई के खिलाफ आंदोलन करेगी। उन्होंने ऐलनाबाद से कांग्रेस को चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। चौटाला ने साफ किया कि वे अपनी सरकार बनाने के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त नहीं करेंगे। इस दौरान इनेलो के प्रधान महासचिव अमरदीप चौधरी, सिटी प्रधान मनोज अग्रवाल, इनेलो नेता अशोक शेरवाल, आर.एस. चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
इनेलो निभाएगी रचनात्मक विपक्ष की भूमिका
इ नेलो प्रदेश के लोगों के हितों के लिए रचनात्मक विपक्ष की भूमिका अदा करेगी। यह बात इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने शनिवार को सेक्टर-10 स्थित जंजघर में वर्कर्स की मीटिंग के दौरान कही। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता मनोबल बनाए रखें और जनता के हितों के लिए काम करें। योगराज सिंह ने पंचकूला विधानसभा सीट से अच्छा प्रदर्शन किया है।
चौटाला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पैसे से बड़े-बड़े दिग्गजों को खरीद लिया, लेकिन गरीब मतदाता नहीं बिके। यदि राजनीति में पैसा हावी होता रहा तो गरीब कभी संसद और विधानसभा में नहीं पहुंच पाएगा। कांग्रेस हमेशा पूंजीपतियों को ही बढ़ावा देती रही है। चौटाला ने वर्कर्स से अपील की कि वे रूठे कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को पार्टी में वापस लाएं।
उन्होंने वर्कर्स को आश्वस्त किया कि आने वाला समय इनेलो का है। उन्होंने संकेत दिया कि कांग्रेस के कुशासन का अंत करने के लिए इनेलो समान विचारधारा वाले दलों से चुनावी समझौता कर सकती है। पार्टी से निष्क्रिय कार्यकर्ताओं की छुट्टी की जाएगी व समर्पित वर्करों को अहम पद दिए जाएंगे। वर्कर्स को प्रदीप चौधरी, योगराज सिंह, अशोक शेरवाल, जिला परिषद के चेयरमैन उमेश सूद ने भी संबोधित किया।










