कैसे हुआ हादसा याद नहीं
जबलपुर. शास्त्री ब्रिज के समीप छोटी लाइन फाटक पर बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे को अंजाम देने वाले आरोपी वाहन चालक कैलाशपुरी निवासी लक्ष्मण सिंह उर्फ बबलू का कहना है कि उसे यह याद नहीं कि हादसा कैसे हुआ। आरोपी चालक ने गोरखपुर थाने में दर्ज कराए बयानों में बताया कि वह बल्देवबाग से शराब पीने के बाद खाली ट्रक लेकर घर लौट रहा था।
शास्त्री ब्रिज से नीचे उतरते समय तेज रफ्तार ट्रक स्पीड ब्रेकर के ऊपर से गुजरा और उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया। उसके बाद जो हुआ वह उसे याद नहीं वह नशे में चूर था। वहीं हादसे में चरपट हुई सेन्ट्रो कार के मालिक कटंगा एपीआर कॉलोनी निवासी का कहना है कि वे बाल-बाल बचे जब हादसा हुआ, तब वे होटल में खाना पार्सल करा रहे थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुईं लार्डगंज निवासी दोनों युवतियों कविता एवं पूजा मुंजारे को अस्पताल में ही भर्ती कराया गया है।
लायसेंस का पता नहीं
आरोपी ट्रक चालक ने पुलिस के सामने अपना लायसेंस पेश नहीं किया है। पूछताछ के दौरान उसने बताया था कि जब वह ट्रक से भाग रहा था, उसी दौरान लोगों ने उसे पकड़ लिया और झूमा-झटकी के समय उसका लायसेंस क हीं खो गया। पुलिस द्वारा वाहन के कागजात भी जब्त किए गए हैं।
दिन भर चला सुधार कार्य
घटना में क्षतिग्रस्त हुए विद्युत पोल एवं टूटी लाइन को सुधारने के लिए दिन भर कार्य चलता रहा। इस दौरान कुछ देर के लिए मार्ग भी बंद रहा, जिसे कार्य पूरा हो जाने के बाद ही खोला गया। हादसे में क्षतिग्रस्त हुए खम्भे को विद्युत विभाग ने क्रेन से निकाला एवं टूटी हुई लाइन को पुन: जोड़ा गया।
हवा में उछला ट्रक
पुलिस हिरासत में आए आरोपी चालक ने बताया कि ट्रक पूरी रफ्तार के साथ ब्रिज से उतरा और स्पीड ब्रेकर से टकराते ही हवा में उछल गया और कार को टक्कर मार कर चालक ने भागने का प्रयास किया, पर ट्रक न्यूट्रल होकर पीछे लुढ़कने लगा। इस दौरान चालक ने ट्रक को छोड़ दिया और भागने का प्रयास किया, पर लोगों ने उसे दबोच लिया।
कार मालिक के हवाले
हादसे का शिकार हुई कार को उसके मालिक के सुपुर्द कर दिया गया। पेशे से अधिवक्ता 27 वर्षीय तेजविन्दर सिंह लाम्बा रात में वासु भोजनालय में खाना पार्सल कराने आए थे। बताया जाता है कि श्री लाम्बा जैसे ही खाना लेकर कार की तरफ आने को हुए, तभी यह दुर्घटना हुई। हादसा देखकर वे घबरा गए और अपने परिजनों को सूचना दी। कार की हालत को देखकर पूरा परिवार दहशत में आ गया।










