सुंदर महानद्दा जविप्रा का स्वप्न
जबलपुर. भले ही तालाबों को पूरने पर रोक लगी हो, लेकिन भू-माफिया हमेशा की तरह एक कदम आगे हैं। नागपुर रोड पर एकदम शहर के भीतर स्थित महानद्दा तालाब की भी यही व्यथा है। भू-माफिया और अतिक्रमणकारियोंने इस तालाब को अस्तित्व विहीन करने के लिए हरसंभव प्रयास किए हैं। किसी ने रोड साइड से कब्जा किया है तो किसी ने दूसरी साइड से। कुछ तो इसे सामने से पूर रहे हैं और यह स्पष्ट दिखता भी है।
अब नहीं रुकेगा काम
हमने भोपाल में बात कर ली है, नगरीय निकाय के चुनाव होते ही प्रस्ताव पर अमल शुरू हो जाएगा। अब किसी भी स्थिति में काम नहीं रुकेगा। महानद्दा तालाब पर भू-माफिया का कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। उसका सौन्दर्यीकरण हमारा स्वप्न है, जो पूरा होकर रहेगा। - विशाल पचौरी, अध्यक्ष, जविप्रा
कुछ तो सबक लें
झीलों के शहर उदयपुर से आए एक आर्कीटेक्ट का कहना है कि जबलपुर में तालाबों को झील जैसा स्वरूप देकर विकसित किया जा सकता है। यदि ऐसा होता है तो सुन्दरता में जबलपुर के तालाब उदयपुर की झीलों को पीछे छोड़ सकते हैं, लेकिन जबलपुर में उनकी सुनने वाला कोई नहीं है।
महानद्दा तालाब को ही लें तो मेन रोड पर स्थित इस तालाब को ऐसा विकसित किया जा सकता है कि वहां जबलपुर का सबसे हॉट और अट्रैक्टिव टूरिस्ट स्पॉट बन सकता है, जहां वॉटर स्पोर्ट्स के साथ चौपाटी और भ्रमण के लिए पर्याप्त स्थान एवं साधन भी हों। जबलपुर विकास प्राधिकरण के प्रस्ताव में कुछ ऐसा ही है, पर जरूरत है उदयपुर से सबक लेकर उस पर अमल करने की।










