साइफन लगाकर पानी चुराया
बीकानेर. जामसर पुलिस थाना क्षेत्र के चक 14 बीएमडी में काश्तकारों ने इंदिरा गांधी नहर में दो बड़े साइफन लगाकर पानी चुराया और खेतों में सिंचाई की। पानी चुराने वालों के खिलाफ जामसर पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। इंदिरा गांधी नहर परियोजना के सहायक अभियंता सुनील कटारिया की ओर से पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि गुरुवार की देर रात को कनिष्ठ अभियंता भंवरलाल शर्मा व बेलदार जामसर इलाके में चैकिंग कर रहे थे।
इस दौरान चक 14 बीएमडी पहुंचे तो वहां काश्तकार 30-30 फीट के दो बड़े साइफन लगाकर पानी चोरी कर रहे थे। मौके पर साइफन जप्त कर पटवारी को बुलाया गया। पानी चोरी करने के आरोप में कोरसिंह, भोड़सिंह, आत्मासिंह, हाकमसिंह पुत्रगण नरेन्द्रसिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
काटकर ले जाने पड़े साइफन : मौके से बरामद साइफन इतने बड़े थे कि नहरकर्मियों को उन्हें काटकर ले जाना पड़ा। इंगांनप के कनिष्ठ अभियंता भंवरलाल शर्मा ने बताया कि साइफन इतने बड़े थे कि उन्हें काटकर जीप में डालना पड़ा।










