Sunday, November 15, 2009 06:30 [IST]  

danik bhaskarदो और स्वाइन फ्लू की चपेट में

भास्कर न्यूज

बीकानेर. जयपुर रोड स्थित बीकानेर ब्वॉयज स्कूल के एक छात्र को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। पीड़ित बच्चे की जांच रिपोर्ट शुक्रवार को ही आई है। सादुलकॉलोनी निवासी इस बच्चे में रोग की पुष्टि के साथ ही जहां बच्चे को आइसोलेशन में रखा गया है वहीं संपर्क में आए परिजनों को भी उपचार दिया जा रहा है। इसके साथ ही जस्सूसरगेट के बाहर धर्मकांटा क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति को भी यही बीमारी रिपोर्ट हुई है।



पॉजिटिव रिपोर्ट मिलने के बाद इस व्यक्ति के घर गई स्वास्थ्य टीम को जानकारी मिली है कि जयपुर में शादियां अटेंड करने गए इस व्यक्ति को वापस आते ही बुखार और जुकाम ने घेर लिया था। बीबीएस में पढ़ने वाले बच्चे को स्वाइन फ्लू रिपोर्ट होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इस स्कूल में छुट्टी करने का निर्देश दिया है। सीएमएचओ डा.सी.बी.धानावत का कहना है, स्कूल संचालक को इस संबंध में सूचना दे दी गई है।



रविवार को वैसे भी स्कूल में छुट्टी है। दूसरी ओर स्कूल के संचालक फादर जॉबी का कहना है, इस संबंध में सूचना मिली है। स्कूल में छुट्टी की जाए या नहीं इस बारे में शिक्षा और प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर निर्णय लिया जाएगा। दो पॉजिटिव रिपोर्ट के साथ ही शहर में स्वाइन फ्लू का संदेह लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को दो और रोगियों के सैंपल जांच के लिए जयपुर भेजे गए हैं।



रिपोर्ट आने तक इन्हें आइसोलेशन में रहने की सलाह के साथ ही उपचार शुरू किया गया है। स्वास्थ्य महकमे ने स्कूलों में स्वाइन फ्लू के प्रति स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ ही शहर की डिस्पेंसरियों में कार्यरत चिकित्सकों और स्टाफ को भी अब मास्क व बचाव के जरूरी साधन उपलब्ध करवाए हैं। फ्लू के बढ़ते दायरे को देखते हुए चिकित्सकों और कार्मिकों के बचाव के लिए यह संसाधन दिए जा रहे हैं।



दूसरी ओर स्वाइन फ्लू की आशंका के चलते जिला और पीबीएम अस्पताल के विशेष आउटडोर में दोपहर तक मरीजों का तांता लगा रहा है जिनमें से अधिकांश को सामान्य जुकाम, बुखार के रोगी मानते हुए उपचार दिया गया है।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: