Sunday, November 15, 2009 06:51 [IST]  

danik bhaskarदेशभर से जुटेंगे हजारों वैश्यबंधु

भास्कर न्यूज

कोटा. अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन द्वारा रविवार को आयोजित द्वितीय अन्नकूट व वैश्य महाकुंभ में देशभर से 30 हजार से भी अधिक वैश्यबंधु शिरकत करेंगे। शहर में यह दूसरा अवसर होगा जब एक साथ हजारों की तादाद में वैश्य समाज के सभी घटक एक मंच पर दिखेंगे। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार रात से ही लोग दूर-दराज से पहुंचने लगे थे।



वैश्य महासम्मेलन के अध्यक्ष गोवर्धन खंडेलवाल तथा महामंत्री हुकम मंगल ने बताया कि महाकुंभ के मुख्य वक्ता सांसद रामदास अग्रवाल व मुख्य अतिथि अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद गिरीश सांधी होंगे और अध्यक्षता प्रदेश वैश्य महासम्मेलन के अध्यक्ष गणोश राणा करेंगे।



विशिष्ट अतिथि महासम्मेलन के राष्ट्रीय महामंत्री बाबूराम गुप्ता, अतिरिक्त प्रदेश महामंत्री अरुण गुप्ता होंगे तथा प्रदेशभर के महासम्मेलन के जिलाध्यक्ष व महामंत्री भी हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के समाज के सांसद, मंत्री, विधायक, प्रशासनिक अधिकारी तथा उच्च पदों पर आसीन प्रतिनिधि शरीक होंगे।



महिलाओं की खास वेशभूषा



महिला मंडल की संयोजिका गायत्री मित्तल व कुंती मूंदड़ा ने बताया कि महाकुंभ में समाज की महिलाएं केसरिया व लाल साड़ी तथा पुरुष सफेद कुर्ता-पायजामा पहनकर आएंगे।



प्रतिभाओं का होगा सम्मान



महाकुंभ में सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक, राजनीतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 50 से अधिक समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। सम्मानित होने वाली प्रतिभाओं में 35 बाहर की व 15 कोटा शहर से है। सायं 4 बजे से सम्मान समारोह शुरू होगा। हर व्यक्ति का चंदनयुक्त तिलक लगाकर अभिनंदन किया जाएगा। पूरा परिसर इत्र की खुशबू से महक उठेगा।



कोटा के 15 छात्र होंगे सम्मानित



वैश्य सम्मेलन के युवा अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि कोटा शहर से पीएमटी, पीईटी, आईआईटी सहित शैक्षणिक क्षेत्र में नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें दिनेश विजय, चेतन अग्रवाल, रजित विजय, उत्कर्ष विजय, तनिका जैथलिया, आयूष गुप्ता, प्रदीप कुमार, रवि लढ़्ढा, प्रतीक खंडेलवाल, रामस्वरुप पोकरा, मंजू गोयल, सारांश मूंदड़ा, शुभम विजय, मेघा माहेश्वरी तथा बालकवि आदित्य जैन शामिल हैं। इसके अलावा बाहर से आ रहे लोगों का भी सम्मान किया जाएगा।



भजनों की सरिता, मनमोहक झांकी



शाम 6 बजे से गिरिराज मित्र मंडल की ओर से भजन संध्या होगी। इसमें एलेन कैरियर इंस्टीट्यूट के निदेशक गोविंद माहेश्वरी साथी कलाकारों के साथ भजनों की सरिता बहाएंगे। इस मौके पर गिर्राजधरण की मनमोहक झांकी सजाई जाएगी, इसके लिए वृंदावन से विशेष प्रकार के पुष्प मंगवाए गए हैं। रविवार दोपहर बाद झांकी सजाने का काम शुरू हो जाएगा। इसके लिए विशेष तौर से बाहर के कारीगर बुलाए गए हैं।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: