3 में सीधा,12 में त्रिकोणीय
कोटा. नगर निगम चुनावों में शनिवार को नाम वापसी के बाद अब स्थिति साफ हो गई है। तीन वार्डों में भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि 12 वार्डों में निर्दलीयों ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है।
नाम वापसी के बाद अब वार्ड 3 में भाजपा की मंजू सुवालका व कांग्रेस की अयोध्या तथा वार्ड 19 में कांग्रेस की सोनू का भाजपा की रिया चोरसिया से तथा वार्ड 55 में भाजपा की कौशल्या देवी का कांग्रेस की रेनू नरवाला से सीधा मुकाबला है। पहले यहां से भाजपा से बगावत कर रानी कलश ने भी नामांकन भरा था, लेकिन उन्होंने नाम वापस ले लिया।
यहां त्रिकोणीय मुकाबला
इसी प्रकार वार्ड 2, 17, 18, 20, 22, 23, 36, 43, 45, 47 व 48 में प्रत्याशियों के बीच त्रिकोणात्मक मुकाबला है।
यहां मुकाबला चतुष्कोणीय
वार्ड 1, 4, 7, 8, 11, 12, 13, 15, 16, 24, 35, 37, 38, 39, 44, 49, 50, 53, 53, 54, 57,58 व 59 में चतुष्कोणीय मुकाबला है। यहां प्रमुख राजनीतिक दलों के अतिरिक्त दो-दो निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं। वार्ड 14, 25, 27, 28, 29, 33, 41, 42, 46, 51, 56 में पांच तथा वार्ड 5, 6, 10, 21, 30, 34, 40 में 6-6 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वार्ड 26, 31, 32, व 60 में 7-7 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
दिग्गज मुकाबले में फंसे
भाजपा व कांग्रेस के वरिष्ठ सदस्य इन चुनावों में कड़े मुकाबले में फंस गए हैं। तीन बार पार्षद रहे चुके राकेश सोरल इस बार 58 नंबर वार्ड से चुनाव मैदान में हैं उनके सामने तीन प्रत्याशी है, इसी प्रकार वार्ड 42 से उपमहापौर रवीन्द्र सिंह निर्भय का नेता प्रतिपक्ष रहे लक्ष्मीनारायण मालव के साथ तीन अन्य उम्मीदवारों से मुकाबला है।
वार्ड 60 में भाजपा व कांग्रेस के प्रत्याशियों के खिलाफ पूर्व पार्षद सुनील जैन ने दावेदारी करके मुकाबले को त्रिकोणात्मक बना दिया है। यहां से चार अन्य उम्मीदवार और मैदान में हैं। इसी प्रकार कांग्रेस की पूर्व पार्षद व अध्यक्ष सुधा तिवारी वार्ड 37 में चतुष्कोणीय मुकाबले में व वार्ड 12 से पूर्व पार्षद रही भाजपा की चित्रा निगम भी मुकाबले में फंसी हुई है।
बागी भी बिगाड़ रहे हैं चुनावी समीकरण
काफी समझाइश के बाद भी कई विद्रोही पार्षद चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। वार्ड 11 से भाजपा के विद्रोही वर्तमान पार्षद गोपाल राम मंडा, वार्ड 42 से कांग्रेस के बागी रामचंद्र राठौड़, वार्ड 51 में भाजपा की वर्तमान पार्षद शहनाज कुरैशी, वार्ड 46 से भाजपा के बागी पार्षद राममोहन मित्रा, वार्ड 57 में गीता चौधरी, वार्ड 60 नंद किशोर शर्मा, विकास चौधरी, वार्ड 17 से पूजा राजवंशी ऐसे प्रत्याशी है, जो पार्टी द्वारा टिकट नहीं देने पर निर्दलीय के रूप में चुनाव मैदान में है। पार्टी की ओर इन्हें मनाने का प्रयास किया गया लेकिन, वे नहीं माने। इनके खड़े रहने से भाजपा व कांग्रेस प्रत्याशियों को पसीने आ रहे हैं।










