हादसे में पुत्र की मौत, पिता घायल
उदयपुर. प्रतापनगर थाना क्षेत्र में सवीना बाइपास पर नवनीत मोटर्स के सामने शनिवार सुबह बेकाबू कंटेनर से कुचलने पर बाइक सवार पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई और उसके पिता जख्मी हो गए। ये दोनों डबोक से मादड़ी इलाके में भवन निर्माण का काम करने आ रहे थे। पुलिस के अनुसार हादसे में ओडवाडिया (डबोक) निवासी पुरीलाल उर्फ भवानीशंकर (22) पुत्र गोविंद मेघवाल की मौत हुई और उसके पिता गोविंद (45) जख्मी हो गया।
इन्हें एमबी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार सुबह 8 बजकर 45 मिनट पर यह हादसा हुआ। बताया गया कि दोनों विगत पांच वर्षो से मादड़ी इलाके में मकानों की चुनाई का काम करते हैं। वे प्रतिदिन की भांती पिता-पुत्र मोटरसाइकिल पर साथ निकले और पुरीलाल पीछे ये अपने गांव से मादड़ी इलाके में भवन निर्माण का काम करने के लिए जा रहे थे।
प्रतापनगर की तरफ से पीछे से आए बेकाबू ट्रोले ने बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद असंतुलित बाइक से उछलकर गिरने के बाद कंटेनर पुरीलाल के सिर व सीने को कुचलता हुआ निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंचे एएसआई दिलीपसिंह ने 108 एंबुलेंस से घायल हुए गोविंद को अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद महाराष्ट्र पासिंग का कंटेनर चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया।










