ठंड से मिली राहत
उदयपुर. लेकसिटी में शनिवार को मौसम का असर मिलाजुला रहा। बीते दो दिनों से चल रही तेज ठंड और आसमान में घटाओं से लोगों को कुछ राहत मिली। तापमान में अचानक आए परिवर्तन से शिक्षण संस्थाओं में उपस्थिति पूर्व के दिनों के मुकाबले बढ़ी। दोपहर में लोगों ने बिना स्वेटर और कोट के काम चला लिया लेकिन शाम होते ही पुन: ठंडक का अहसास होने लगा।
विमान सेवाओं पर प्रतिकूल असर : सुबह-सुबह ठंडक और बादलों के रहते डबोक एयरपोर्ट में जेट एयरवेज की 7.10 पर मुंबई से आने वाली फ्लाइट बहुत देर तक आसमान में चक्कर लगाने के बाद जयपुर लौट गई, और 11.30 बजे उदयपुर पहुंची।
मौसम का असर जेट की दिल्ली से सुबह 7.45 मिनट पर आने वाली उड़ान पर भी पड़ा, एयरपोर्ट क्षेत्र में कोहरे के रहते फ्लाइट अहमदाबाद लौट गई। बाद में इस उड़ान को रद्द करना पड़ा। क्षेत्र में खराब मौसम के रहते इंडियन एयर लाइंस की 8.45 पर दिल्ली से आने वाली उड़ान को रद्द कर दिया गया।
दोपहर में विमान सेवाएं संचालित : मौसम साफ होने के बाद दोपहर और शाम को जाने वाली विमान सेवाओं का संचालन यथावथ रहा।
टैक्सी और बसों से जाना पड़ा : फ्लाइट से सफर करने वाले कई यात्रियों को जयपुर और अहमदाबाद जाने के लिए टैक्सी और बसों से सफर करना पड़ा।










