स्वाइन फ्लू के तीन और संदिग्ध
उदयपुर. एमबी अस्पताल में उदयपुर, राजसमंद और चित्तौड़ के तीन और रोगियों को स्वाइन फ्लू का संदिग्ध मानते हुए जांच नमूने जयपुर भेजे गए हैं। स्वाइन फ्लू विभाग के प्रभारी डॉ. ओपी मीणा ने बताया कि तीनों ही रोगियों में स्वाइन फ्लू से संबंधित लक्षण पाए गए हैं।
डॉ. मीणा ने बताया कि उदयपुर के शक्तिनगर से 29 वर्षीय, चित्तौड़ के तेजाजी चौक प्रतापनगर के 45 वर्षीय तथा राजसमंद के आमेट से आए 77 वर्षीय वृद्ध के जांच नमूने एसएमएस जयपुर स्थित प्रयोगशाला भेजे गए हैं। तीनों ही रोगियों की नाक से पानी टपक रहा था, सिरदर्द, बुखार, खांसी तथा सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। तीनों ही संदिग्धों को भर्ती किया गया है।
दिल्ली से लौटा उदयपुर का संदिग्ध रोगी : शनिवार को स्वाइन फ्लू वार्ड में भर्ती किया गया उदयपुर का संदिग्ध रोगी दिल्ली घूमकर लौटा है। चिकित्सकों ने बताया कि इस रोगी को नाक से पानी टपकना, बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ थी। आउटडोर में परामर्श करने पर इसे स्वाइन फ्लू का संदिग्ध रोगी माना गया है।
आज आ सकती है रिपोर्ट : एमबी अस्पताल के स्वाइन फ्लू आइसोलेशन वार्ड में भर्ती दो चित्तौड़ और एक कोटा के संदिग्ध रोगी की रिपोर्ट रविवार को आने की संभावना है। जयपुर एसएमएस स्थित लैब में कार्यभार अधिक होने के कारण रिपोर्ट में देरी लग रही है। गीतांजलि मेडिकल कॉलेज में भर्ती चित्तौड़ के दिव्य के स्वास्थ्य में भी सुधार है।










