चित्तौड़गढ़ में भाजपा बागी ने ठोकी ताल
चित्तौड़गढ़. नगरपालिका चुनाव में नामांकन वापसी के अंतिम दिन कांग्रेस व भाजपा के एक-एक बागी प्रत्याशी ने पर्चा उठा लिया। अब चेयरमैन पद के लिए पांच उम्मीदवार मैदान में है। भाजपा की बागी भागेश्वरी देवी के मैदान में डटे रहने से भाजपा की मुसीबत बढ़ती नजर आ रही है वहीं कांग्रेस की बागी सोना जयराम नेभनानी के पर्चा उठाने पर कांग्रेस ने राहत की सांस ली।
वार्ड चार से भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी गायत्रीदेवी जाटव के अचानक पर्चा उठा लेने से भाजपा में हलचल उत्पन्न हो गई। अब यहां कांग्रेस का मुकाबला निर्दलीय से होगा। चित्तौड़गढ़, निम्बाहेड़ा व रावतभाटा नगरपालिकाओं में अब पार्षद पद के ३२3 जबकि चेयरमैन पद के लिए १7 प्रत्याशी मैदान में हैं। अंतिम दिन पार्षद पद के ५3 व चेयरमैन पद के लिए छह उम्मीदवारों ने पर्चा उठाए।
चित्तौड़गढ़, निम्बाहेड़ा व रावतभाटा नगरपालिका के 95 वार्डो के होने वाले चुनाव के तहत नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन चेयरमैन पद के लिए चित्तौड़गढ़ व निम्बाहेड़ा में सात-सात प्रत्याशियों में से दो-दो प्रत्याशियों ने नामांकन उठा लिए। अब चित्तौड़गढ़ व निम्बाहेड़ा में पांच-पांच प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं। चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस की बागी सोना नेभनानी तथा भाजपा की हेमलता सोनी ने जबकि निम्बाहेड़ा में फरजाना व योगिता भटनागर ने चेयरमैन का नामांकन उठाया।
निम्बाहेड़ा में कांग्रेस की बागी और जिला कांग्रेस महामंत्री शबाना खान और चित्तौड़गढ़ में भाजपा की बागी भागेश्वरीदेवी सिंधी ने चेयरमैन पद के लिए मैदान में डटीं हैं। रावतभाटा में अब्दुल रफीक व इम्तियाज अली ने चेयरमैन पद के लिए नामांकन उठा लिए। अब रावतभाटा में सात प्रत्याशी मैदान में हैं। इसी तरह जिले में 95 वार्डो में पार्षद पद के लिए 322 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं।
नामांकन पत्र उठाने के आखिरी दिन चित्तौड़गढ़, निम्बाहेड़ा व रावतभाटा नपा में पाषर्द पद के लिए 55 प्रत्याशियों ने नामांकन उठाए। इसमें चित्तौड़गढ़ में 23, निम्बाहेड़ा में 19 तथा रावतभाटा में 13 प्रत्याशियों ने फार्म उठाए। अब चित्तौड़गढ़ में 145, रावतभाटा में 100 तथा निम्बाहेड़ा में 77 प्रत्याशी मैदान में रह गए।
भाजपा को सबसे ज्यादा झटका चित्तौड़गढ़ नपा के वार्ड नंबर चार में मिला है। वार्ड नंबर चार की प्रत्याशी गायत्रीदेवी जाटव ने तो अपना नामांकन पत्र ही उठा लिया। इस बात से भाजपा पदाधिकारी सकते में हैं।
कांग्रेस से बागी शबाना पार्टी से निष्काषित
नपा चुनाव कांग्रेस पर्यवेक्षक गोपाल बाहेती एवं भंवरु खान ने नपा अध्यक्ष पर निर्दलीय के रुप में चुनाव लड़ रही जिला कांग्रेस महामंत्री शबाना खान को छह वर्ष के लिए निष्काषित किया है।
नगरपालिका चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए निर्दलीय नामांकन भरने और नाम वापस लेने की समयावधि तक नाम वापस नहीं लेने पर जिला कांग्रेस महामंत्री शबाना खान को प्रदेश कांग्रेस द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक गोपाल बाहेती एवं भवरु खान ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देशानुसार कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता निरस्त करते हुए उन्हें पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्काषित कर दिया है।
उक्त आशय की जानकारी कांग्रेस कार्यालय से जारी विज्ञप्ति में पर्यवेक्षक भंवरु खान ने दी। भंवरु खान ने बताया कि नगर के मतदाताओं एवं कांग्रेसजनों पर निर्दलीय रुप से खड़ी उम्मीदवार का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।











