Sunday, November 15, 2009 08:30 [IST]  

danik bhaskarभाजपा पूछ रही है पान वाले से

नगर संवाददाता

सागर. नगरीय निकाय के चुनाव की तिथियां तय होते ही भारतीय जनता पार्टी ने अपने संभावित प्रत्याशियों की टोह लेना शुरू कर दी है। टिकट की मांग कर रहे व्यक्तियों का जिला भाजपा द्वारा गोपनीय सर्वे कराया जा रहा है। इसमें उनकी पार्टी के प्रति निष्ठा, जुझारुपन, वार्ड क्षेत्र में छवि आदि का आकलन किया जा रहा है। सर्वे गत 3 दिनों से जारी है जिसकी रिपोर्ट जल्द ही जिला चुनाव समिति को सौंपी जाएगी।



हर वार्ड में 3 से 5 व्यक्ति हैं टिकट के मांगकर्ता - पार्टी सूत्रों के मुताबिक सागर नगर निगम के 48 वाडरे में से प्रत्येक में औसतन 3 से 5 प्रत्याशी टिकट मांग रहे हैं। टिकट के लिए वह जिले से लेकर भोपाल तक अपने -अपने नेता के यहां भाग-दौड़ कर रहे हैं। टिकट वितरण में किसी तरह का चूक या असंतोष पैदा न हो इसलिए पार्टी की प्रदेश स्तरीय चुनाव समिति के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है।



पान की दुकान, प्रतिष्ठित व्यक्ति सबसे चर्चा- सर्वे टीम में शामिल जिला भाजपा के एक पदाधिकारी के मुताबिक वार्ड की पान की दुकान, प्राइमरी स्कूल के शिक्षक, प्रतिष्ठित व्यक्ति आदि सभी से टिकट की चाह रखने वाले व्यक्तियों के बारे में जानकारी ली जा रही है। उम्मीद के मुताबिक वार्डवासियों की बेबाक राय मिल रही है। कुछ लोग तो ऐसे भी हैं जिन्होंने कहा कि जितना भी दम लगा लो फैसला तो आखिर जनता को ही करना है।



इसके अलावा सर्वे में जोर-शोर से टिकट मांगने वालों के साथ-साथ उन लोगों की भी जानकारी ली जा रही है जिनके बारे में संबंधित वार्ड के व्यक्ति सकारात्मक राय रखते हैं। हालांकि ऐसे कम ही वार्ड हैं जहां ऐसी स्थिति है। फिर भी उनके नामों को सर्वे परिणाम में शामिल किया जा रहा है।



16 को छंट जाएगी धुंध - जिलाध्यक्ष श्री जैन के मुताबिक टिकट वितरण को लेकर रही-सही धुंध सोमवार को जिला प्रबंध समिति की बैठक में छंट जाएगी। बैठक में पार्टी के संगठन मंत्री अरविंद मेनन एवं सांसद भूपेंद्र सिंह सहित पार्टी के सभी विधायक, जिला पदाधिकारी शामिल होंगे। इस बैठक के बाद निकाय चुनाव को लेकर पार्टी की तयारियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।



सांसद संभागीय समिति में शामिल-पार्टी ने संभागीय चुनाव समिति में सांसद भूपेंद्र सिंह को लिया है। समिति का कार्य निकाय चुनाव में विभिन्न पदों के लिए टिकट की मांग कर रहे लोगों के नाम पर सहमति बनाना होगा। समिति में सांसद वीरेंद्र खटीक, बुंदेलखंड विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जयप्रकाश चतुर्वेदी,पूर्व विधायक सुधा जन, सरदार प्यारासिंह को भी शामिल किया गया है।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: