रहली बस स्टैंड से डेढ़ लाख की चांदी चोरी
रहली बस स्टैंड से सागर-जबलपुर बस में रखी चांदी के जेवरात से भरी अटैची चोरी हो गई। उसमें चांदी की पायल और अन्य जेवरात रखे थे। पुलिस ने चोरी गए जेवरात की कीमत डेढ़ लाख रुपए बताई है।
आवेदन पत्र की जांच के बाद रहली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी जीपी शर्मा ने बताया कि सागर के सराफा व्यापारी कल्पेंद्र जैन 5 नवंबर को बस से जबलपुर जा रहे थे। वे एसटीडी कंपनी की बस क्रमांक एमपी 15 डी- 5913 से यात्रा कर रहे थे।
बस रहली में सुबह पौने आठ बजे आकर बस स्टैंड पर रुकी। कल्पेंद्र जैन बस से उतरकर चाय पीने चले गए। 10 मिनट बाद वापस आए तो उन्हें सीट पर रखी अटैची गायब मिली। उन्होंने इसकी सूचना बस के ड्राइवर और कंडक्टर को दी। पांच दिन तक बस संचालक कर्मचारी और सराफा व्यापारी अटैची की तलाश करते रहे लेकिन पता नहीं चला। अटैची में 12 किलो 567 ग्राम चांदी के जेवरात रखे थे ।
सराफा व्यापारी कल्पेंद्र जैन ने आवेदन पत्र में बस के कंडक्टर बबलू उर्फ राजेश गर्ग और क्लीनर हल्ले राम पर अटैची चोरी करने का संदेह व्यक्त किया है। पुलिस बस के दोनों कर्मचारियों से अटैची के संबंध में पूछताछ कर रही है।










