पूर्व सैनिक छात्रों की पत्नियों ने लगाई दौड़
चित्तौड़गढ़. सैनिक स्कूल में बुधवार से चल रही 49वीं वार्षिक एथलेटिक प्रतियोगिता का समापन शनिवार को हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल जेएस घालीवाल, एवीएसएम, वीएसएम, डायरेक्टर जनरल इन्फेंटरी थे। मुख्य अतिथि जनरल घालीवाल का प्राचार्य एचएस संधु ने स्वागत किया। समारोह में मुख्य अतिथि घालीवाल ने कहा कि शिक्षा, अनुशासन व खेलों के साथ ही अन्य क्षेत्रों में सैनिक स्कूल का योगदान सराहनीय है।
इस संस्थान से अध्ययन प्राप्त कर छात्र देश का गौरव बढ़ा रहे हैं। स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि मुख्य अतिथि घालीवाल सुबह स्कूल पहुंचे। शंकर मेनन सभागार में आयोजित सभा में उन्होंने कहा कि सेना में जो सुविधाएं हैं वह और कहीं नहीं। देश के हर नागरिक को कम से कम दो वर्ष सेना में अवश्य आना चाहिए। प्रतियोगिता में कुश हाउस 185 अंकों के साथ प्रथम स्थान पर रहा, सांगा हाउस द्वितीय व कुंभा हाउस तृतीय स्थान पर रहा।
ग्रुप ए में विकास, ग्रुप बी में चंदन व ग्रुप सी में मनीष बेस्ट एथलिट रहे। मुख्य अतिथि घालीवाल ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए व छात्रों ने जिमनास्टिक व पीटी प्रदर्शन किया। समारोह में हेल्थ एवं फेमिली वेलफेयर के डायरेक्टर अविनाश मिश्रा, राव नरेंद्रसिंह, कर्नल जयराज, कर्नल हर्षवर्धन, योगेंद्रसिंह कालवी, गणपतसिंह राठौर, एसपी डॉ. गिर्राज मीणा, एएसपी मनोज चौधरी, मेजर एसएस अहलावत सहित गणमान्य उपस्थित थे।
पीटीआई राजकुमार व अजय ने प्रतियोगिताएं संपन्न करवाई। प्रतियोगिता के मुख्य संयोजक यूएस भगवती व सहसंयोजक टोनी एब्राहम थे। समारोह के अंत में प्रधानाध्यापक विंग कमांडर जे मैनी ने आभार व्यक्त किया। विद्यालय के पूर्व छात्र व उनकी पत्नियों ने भी खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लिया। पूर्व छात्रों की पत्नियों की 50 मीटर दौड़ में संगीता मिश्रा प्रथम, पीएस राठौड़ द्वितीय व बादन चुड़ावत तृतीय स्थान पर रही।










