Sunday, November 15, 2009 08:37 [IST]  

danik bhaskarझांसी-डबरा के बीच ट्रेन में डकैती

Bhaskar News

ग्वालियर. साप्ताहिक 9053 सूरत-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस में शनिवार को तड़के डकैतों ने झांसी तथा डबरा के बीच जमकर लूटपाट की। डकैत 20 से अधिक यात्रियों से लगभग दो लाख रुपये कीमत का सामान व नगदी लूट ले गए। घटना की रिपोर्ट ग्वालियर व आगरा जीआरपी में दर्ज कराई गई है।



जानकारी के अनुसार, झांसी से तड़के 3.45 बजे जैसे ही 9053 सूरत-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस रवाना हुई, आधा दर्जन से अधिक डकैतों ने जनरल बोगी में यात्रियों से लूटपाट शुरू कर दी। दो बदमाशों के पास कट्टे व दो के पास चाकू थे।



एक-एक डकैत बोगी के दरवाजे पर खड़ा हो गया। कट्टे से भयभीत यात्रियों ने अपनी नगदी तथा जेवर आदि डकैतों को दे दिया। डकैत करीब 40 मिनट तक लूटपाट करते रहे। इस दौरान उन्होंने कुछ यात्रियों के साथ बदसलूकी भी की तथा कुछ को पीटा भी।



जो महिला बाली उतारने से इनकार कर रही थी, उसकी बाली नोचने पर आमादा हो गए। इससे डरकर महिलाओं ने खुद बाली उतार दी। इसी तरह जिस भी यात्री ने सामान देने में आनाकानी की, उसे दरवाजे के पास लाकर ट्रेन से बाहर फेंकने की धमकी दी। ट्रेन जैसे कोटरा स्टेशन पहुंची तो डकैतों ने चेन खींच कर इसे रोक दिया, और उतरकर फरार हो गए।



डबरा में नहीं मिली मदद



डबरा स्टेशन पर ट्रेन के रुकते ही यात्रियों ने प्लेटफार्म पर हंगामा कर दिया। इस पर जीआरपी जवानों व रेल कर्मियों ने उन्हें सलाह दी कि ग्वालियर स्टेशन पर रिपोर्ट लिखवाएं। जीआरपी से यात्रियों को कोई मदद नहीं मिली। ट्रेन कुछ देर बाद यहां से रवाना हो गई और सुबह लगभग 5.20 बजे ग्वालियर पहुंची।



यहां सात यात्री जीआरपी थाने पहुंचे जिनमें से पांच ने रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट दर्ज कराने वालों में अमर सिंह राठौर निवासी इमलिया मुरैना, रामकिशोर कुशवाह निवासी रौन भिण्ड, नेतराम रजक निवासी चिन्नौनी मुरैना व पुरुषोत्तम रजक शामिल हैं। जीआरपी सूत्रों के अनुसार, नगदी तथा सामान समेत दो लाख रुपये की लूट हुई है। चार यात्रियों ने आगरा जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज कराई।



बेटे की शादी करने आ रहा था अमर

लुटे ट्रेन यात्री अमर सिंह ने बताया कि वह अपने बेटे की शादी कराने सूरत से यहां आ रहा था। उसे मुरैना स्थित अपने गांव जाना था। साथ में उसक ी पत्नी मीरा भी थी। बदमाश उनसे 20 हजार रुपए नगद, एक मोबाइल फोन, सोने का मंगलसूत्र व झुमके लूट ले गए।



अमर सिंह ने बताया कि बदमाशों ने 20 से अधिक यात्रियों को लूटा। अधिकतर यात्रियों से नगदी लूटी। रामकिशोर से पांच हजार रुपए, नेतराम से दो हजार व पुरुषोत्तम रजक से पांच सौ रुपए लूट ले गए। नेतराम ने बताया कि डकैतों की संख्या सात थी।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: