कोहरे के कारण कई ट्रेन भी हुईं लेट, नहीं उतरा विमान
ग्वालियर. चार दिन से खराब चल रहे मौसम के कारण शनिवार को रेल व हवाई यातायात प्रभावित हुआ। घने कोहरे के कारण दिल्ली से आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट ग्वालियर में नहीं उतर सकी। ट्रेनें भी पांच घंटे तक लेट रहीं।
दिल्ली से ग्वालियर होते हुए जबलपुर जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट सुबह यहां नहीं उतर सकी। इस फ्लाइट को यहां सुबह 7.50 बजे उतरना था। दिल्ली से ग्वालियर के लिए सवार हुए यात्री जबलपुर ले जाए गए और वहां से लौटते में यहां दोपहर 12.30 पर उतर सके।
28 से बदलेगा फ्लाइट का समय
दिल्ली से ग्वालियर होते हुए जबलपुर जाने वाली फ्लाइट का ग्वालियर आने का निर्धारित समय सुबह साढ़े आठ बजे है। कुछ दिनों से वायु सेना द्वारा किए जा रहे युद्धाभ्यास के कारण इसका समय बदलकर सुबह 7.50 बजे कर दिया गया है। एयर इंडिया अधिकारियों के अनुसार, 28 नवंबर से फ्लाइट का समय फिर से साढ़े आठ बजे कर दिया जाएगा।
ट्रेनें रही लेट
कोहरे के कारण रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। 0477 पुणो-निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित समय 11.30 बजे से पांच घंटे लेट ग्वालियर आई। केरल एक्सप्रेस, झेलम तथा पैसेंजर व अन्य ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से 20 से 30 मिनट तक देर से र्आई।
इस कारण 2177 चम्बल-हावड़ा एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय शाम 5.35 से डेढ़ घंटा देर से रवाना हुई। उधर जयपुर में दुर्घटना होने के कारण उदयपुर इंटरसिटी निर्धारित समय 12.45 बजे से पांच घंटे लेट आई। यह ट्रेन शाम पौने चार बजे के स्थान पर 5.20 बजे रवाना हुई।
बादल छाये, पारा चढ़ा
तीन दिन बाद शनिवार को शहर में सूर्यदेव ने दर्शन दिए। बादलों के छटने से महानगर में तापमान बढ़ गया। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 20 डिग्री दर्ज किया गया। रात का तापमान सामान्य से नौ डिग्री अधिक रहा। आर्द्रता भी सामान्य से 40 से 48 फीसदी अधिक रही। आज भी शहर में कुछ स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश होती रही। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, बादलों के खुलने के साथ ही महानगर में सर्दी बढ़ेगी।










