प्रमुख कॉलोनियों में वोटरों को रिझाने के हुए इंतजाम
पाली. नगर परिषद चुनाव में शहर की पॉश कालोनियों में रहने वाले मतदाताओं को उनके घर से निकालकर मतदान केंद्र तक लाने के लिए कांग्रेस तथा भाजपा अभी से अपना दिमाग दौड़ाने शुरू कर दिया है। इन वीआईपी वोटरों के लिए हर गली-मोहल्लें में विशेष कार्यकर्ताओं को इंतजाम सौंपा जा रहा है। अपने पक्ष में मतदान केन्द्र तक लाने के लिए प्रमुख कार्यकर्ताओं के कंधों पर जिम्मेदारी दी है।
चुनाव को लेकर वीआईपी वोटरों पर डेरा डालने के लिए उनकी कॉलोनियों में ही क्षेत्रवार पार्टी का चुनाव कार्यालय खोले जा रहे है। देर रात तक आलीशान बंगलों में निवास करने वाले मतदाताओं की सूची तैयार कर उनके वोट कास्ट कराने की जिम्मेदारी ऐसे कार्यकर्ताओं के भरोसे छोड़ी जा रही है। जो इन मतदाताओं का परिचित होने के साथ पार्टी का प्रमुख कार्यकर्ता हो।
ऐसे मोहल्लों के अलग से ही सेक्टर बनाए गए है। शहर में ही ऐसी करीब 28 कॉलोनियां व मोहल्ले तथा अपार्टमेंट है जहां रहने वाले अधिकांशत: मतदाता कार सहित अन्य वाहनों से ही मतदान करने के लिए आते है। इसके अलावा कई ऐसे प्रमुख परिवार भी है,जिनके यहां की महिलाएं बिना वाहन घर से बाहर नहीं निकलती। इन मतदाताओं के लिए सभी उम्मीदवारों ने साधनों की व्यवस्था भी जुटाने की कवायद प्रारंभ कर दी है।










