Sunday, November 15, 2009 09:03 [IST]  

danik bhaskarयुवती को जिंदा जलाया

भास्कर न्यूज

पाली. रोहट से चार किलोमीटर दूर निंबली पटेलान गांव के पास एक खेत में बने टांके के पास शनिवार सुबह करीब तीस वर्षीया एक युवती का आधा जला हुआ शव मिला। मौके पर खून के धब्बे तथा पास ही में एक हाथ घड़ी पड़ी मिली है। घटना स्थल पर बाइक के टायरों के निशान भी मिले हैं। महिला के पैरों में पहनी चांदी की पायजेब व कड़े भी जले हुए हालत में मिले है।



पुलिस का कहना है कि संभवत: शुक्रवार की रात को किसी ने महिला की हत्या कर उसका शव जला दिया। हत्या से पहले उसके साथ अनहोनी की भी आशंका जताई जा रही है। शव की शिनाख्तगी के लिए आसपास के गांवों के अलावा पूरी रेंज में मैसेज किया गया है। रोहट-जोधपुर हाइवे से सटे निंबली पटेलान गांव की ओर जाने वाले कच्चे मार्ग पर एक खेत में टांके के पास शव मिलने की सूचना के बाद शनिवार सुबह पाली से एसपी डॉ. बीएल मीणा, एएसपी सुनिल विश्नोई, सीओ ग्रामीण प्रभुदयाल धानिया समेत रोहट थाने से दल मौके पर पहुंचा।



बाद में पाली से डॉग स्क्वॉयड, एफएसएल तथा एमओबी टीम को बुलाकर मौका मुआयना कराया गया। एसपी डॉ. मीणा ने बताया कि शव जला दिए जाने से उसकी पहचान कराना मुश्किल हो गया है। उसके सिर के बाल, पहने हुए कपड़े जलने से नष्ट हो गए हैं। आसपास के गांवों के अलावा पाली, जालोर समेत जोधपुर रेंज से गुम हुई महिलाओं के बारे में पता किया जा रहा है। शव की शिनाख्त होने के बाद ही इस मामले में पुलिस तहकीकात आगे बढ़ेगी। फिलहाल शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।



जलाने के बाद बाइक लेकर भागा : जिस जगह पर महिला का शव पड़ा मिला। वह जगह हाइवे से चंद दूरी पर ही है। मौका ए वारदात का मुआयना करने के बाद पुलिस यह मान रही है कि शुक्रवार की रात को ही आरोपी इस महिला को लेकर सूनसान जगह पर रुका था। वहां टायरों व आसपास पैरों के निशान भी पाए गए है।



संभवत: आरोपी ने मौका देखकर किसी धारदार हथियार अथवा कठोर चीज से वार कर महिला को जख्मी किया, जिससे आसपास खून बिखर गया। आरोपी ने टांके के पास खेत से लकड़िया को लाकर बेहोश पड़ी महिला पर डाल दी और बाद में उसमें आग लगा दी। टांके के पास में बना घास—फूस का छपरा भी आग की भेंट चढ़ गया।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: