रो पड़े शेखर
मुंबई. छोटे परदे के दिग्गज सितारे शेखर सुमन भले ही दुनियाभर के लोगों को अपनी जबरदस्त कॉमिक टाइमिंग और मजेदार जुमलों के जरिए हंसाते रहते हों, लेकिन हाल ही में एक टीवी शो में शिरकत करते हुए वह अपने अतीत से जुड़ी त्रासदी का जिक्र आते ही रो पड़े।
सूत्रों ने बताया कि एनडीटीवी इमेजिन पर जल्द ही प्रसारित होने जा रहे टीवी रियलिटी शो ‘राज पिछले जनम का’ में शेखर ने भी अपनी पिछली जिंदगी से जुड़े अनुभवों से गुजरने के इरादे से हिस्सा लिया। शूटिंग के दौरान जब किसी शख्स ने उनके मासूम बेटे आयुष का जिक्र किया तो वह फूट-फूटकर रोने लगे।
गौरतलब है कि तकरीबन १५ साल पहले हृदय संबंधी बीमारी के चलते शेखर के इस बेटे की मौत हो गई थी। सेट पर शेखर को पूरी तरह संयत होने में एक घंटे का वक्त लगा और तब तक शूटिंग रुकी रही। इसके बाद भी शेखर ज्यादा देर शूटिंग नहीं कर पाए। हालांकि बाद में वे सामान्य लग रहे थे, लेकिन वे इस प्रकरण से पूरी तरह उबर नहीं पाए। उन्हें देखकर सेट पर अन्य लोग भी भावुक हो गए और वहां पर माहौल काफी गंभीर हो गया।










