फैशन : छह गज का स्टाइल
साड़ियां लंबे समय से महिलाओं के वार्डरोब का अभिन्न हिस्सा हैं। एक तरह से कहा जा सकता है कि बॉलीवुड अदाकाराओं ने समय-समय पर इस परिधान में मौजूदगी दर्ज करवाकर इसका प्रचलन और बढ़ाया ही है। डिजाइनर्स बता रहे हैं कि सबसे ज्यादा प्रयोगधर्मी कही जाने वाली पोशाक साड़ी आज भी बेहद स्टाइलिश है और आगे भी यूं ही बनी रहेगी।
बदलाव का दौर
पिछले कुछ वर्षो में साड़ी ने कई बदलाव देखे हैं। छह या नौ गज लंबी होने के अलावा अब तो ‘रेडी टू वियर’ साड़ियां भी आने लगी हैं। इन्हें प्री-स्ट्च्डि भी कहते हैं। खास बात यह है कि नौकरीपेशा महिलाएं भी अब इसे आसानी से अपनाने लगी हैं। फैशन इंडस्ट्री का बड़ा नाम डिजाइनर रितु कुमार कहती हैं, ‘साड़ी वाले ब्लाउज को पैंट या चूड़ीदार व दुपट्टे के साथ पहनना इस साल का सबसे कूल लुक है।’
बॉलीवुड ब्रिगेड
अगर बॉलीवुड ब्रिगेड की बात की जाए तो सुष्मिता सेन, ऐश्वर्या राय, रानी मुखर्जी, शिल्पा शेट्टी व करीना कपूर इसकी सबसे ज्यादा पैरवी करती नजर आईं हैं। करीना कहती हैं, ‘साड़ियों को रेड कार्पेट समारोह में सबसे ज्यादा पहना जाना चाहिए, मैं खुद इस बात की कोशिश करती हूं।’ रानी मुखर्जी को भी पारिवारिक समारोह और दुर्गा पूजा के दौरान इसी लिबास में देखा जाता है। माधुरी दीक्षित ने प्लेन साड़ियों के साथ कढ़ाईदार चोली का चलन शुरू किया।

अपनी-अपनी सोच
युवा मां गीतांजलि कहती हैं, यह जरूरी नहीं कि हर महिला इसे पहनकर आकर्षक ही लगे। इसे सलीके से पहनना और पहनकर चलना आना चाहिए। अगर ऐसा होता है तो आपयकीनन अच्छी लगेंगी। शाम की पार्टीज में साड़ियां काफी अच्छी लगती हैं।











