स्कूल बस पीली क्यों?
रंग से जुड़े कई मज़ेदार और महत्वपूर्ण प्रश्नों में एक है यह प्रश्न कि स्कूल की बसें पीली ही क्यों होती हैं? इसका उत्तर जानने के लिए पीले रंग से जुड़े कुछ तथ्यों को देखना पड़ेगा।
पीला रंग (या इस रंग के परिवार से जुड़ा रंग) किसी दूसरे रंग के मुकाबले आपका ध्यान तेज़ी से अपनी ओर खींचता है। लोगों का ध्यान पीले रंग की वस्तुओं पर सबसे पहले जाता है। अगर आप सामने की ओर सीधे देख रहे हैं और कोई पीली वस्तु ठीक सामने न भी हो, तो भी आपकी आंखों की पुतलियां सबसे जल्दी उसे ही ढूंढ लेंगी। इसको वैज्ञानिकों ने इस प्रकार समझाया है कि मान लीजिए आपकी नज़र जितने क्षेत्र में देख सकती है, उसमें पीला रंग बिलकुल कोने में है, जिसे केवल नज़र की कोर से देखा जा सकता है, तो भी सबसे तेज़ और साफ माने जाने वाले लाल रंग की तुलना में पीला रंग 1.24 गुना अधिक स्पष्ट दिखाई देता है।
धुंध या कोहरे आदि की स्थिति में सड़कों पर अधिकतर दुर्घटनाएं वाहनों को न देख पाने की स्थिति में होती हैं। विशेषज्ञों ने बताया है कि धुंध या कोहरे की स्थिति में भी लाल रंग की अपेक्षा पीला अधिक साफ दिखाई देता है।
खराब मौसम या कोहरे की स्थिति में भी ड्रायवर पीली गाड़ियों या रोशनी को बहुत तेजी से देख लेते हैं। इस तरह कोई भी अप्रिय घटना मौसम की खराबी के बावजूद भी नहीं हो पाती। यही वजह है कि ज्यादातर स्कूल बसों का रंग पीला यानी लेमन येलो या नारंगी पीला होता है।










