धुंध के कारण नहीं हो सकी 2 फ्लाइटों की लैंडिंग
अमृतसर. सर्दी आते ही धुंध ने जन-जीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। रविवार को कोहरे के कारण राजासांसी एयरपोर्ट पर कतर और महान एयरलाइंस की दो फ्लाइटें लैंड नहीं कर सकीं। काफी देर एयरपोर्ट के ऊपर चक्कर लगाने के बाद भी लैडिंग क्लीयर न हुई तो दोनों फ्लाइटों को दिल्ली के लिए रवाना करना पड़ा। धूप निकलने और कोहरा छंटने के बाद फ्लाइटें यहां पहुंचीं।
इस कारण यात्रियों का परेशानी का सामना करना पड़ा। कतर एयरलाइंस की दोहा से अमृतसर की फ्लाइट रविवार तड़के राजासांसी एयरपोर्ट पहुंची। एयरपोर्ट कोहरे से ढका होने के कारण फ्लाइट को लैडिंग के लिए काफी इंतजार करना पड़ा। काफी समय तक एयरपोर्ट के आसमान में चक्कर लगाने के बाद भी फ्लाइट की लैडिंग का रास्ता साफ न होने पर फ्लाइट को दिल्ली को ओर मोड़ना पड़ा। यही हाल हुआ महान एयरलाइंस की तेहरान से आने वाली फ्लाइट की।










