जम्मू-कश्मीर को दिखाया अलग!
अम्बाला सिटी. टर्किश एयरलाइन में यात्रियों को दी जाने वाली पत्रिका ‘स्काई लाइफ’ के अक्टूबर-2009 अंक में जम्मू-कश्मीर को भारत से अलग दिखाया गया। यह मैगजीन तुर्की गए एक भारतीय के हाथ लगी तो उन्होंने इस गलती को सुधरवाने के लिए प्रयास शुरू किए।
उन्होंने दिल्ली में तुर्की के उच्चयोग को भी ई-मेल भेजकर इस गलती से अवगत करवाया है। साइंस उपकरणों के बिजनेस के संबंध में अम्बाला कैंट के व्यवसायी राकेश चौधरी पिछले दिनों टर्किश एयरलाइन से तुर्की जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें स्काई लाइफ का अंक-315 देखने को मिला।
इसमें दिखाए गए दुनिया के नक्शे में जम्मू-कश्मीर राज्य को अलग रंग से दिखाया गया था जबकि भारत को अलग रंग से। अलग रंगों से यह दिखाया गया था कि जम्मू-कश्मीर भारत से अलग है। यह नक्शा देखकर चौधरी को झटका लगा।
इसके बाद उन्होंने ई-मेल के जरिये दिल्ली में तुर्की के उच्चयोग, टर्किश एयर लाइन के कस्टमर केयर को यह गलती सुधारने का संदेश भेजा। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। चौधरी ने भारत सरकार के मंत्रालयों, सोनिया गांधी, केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा को भी इस मामले को गंभीरता से लेने का आग्रह करने वाली ई-मेल भेजी है।










