खली के रिश्तेदार की संदिग्ध हालत में मौत
शिमला. नेरवा के ओरन गांव में अपने दोस्त की शादी में गए खली की बुआ के लड़के की संदिग्ध परिस्थितयों में मौत हो गई है। रविवार सुबह युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ बरामद किया गया। मृतक के परिजन इसे हत्या बता रहे हैं जबकि पुलिस अभी इसे हत्या मानने से इंकार कर रही है।
जानकारी के अनुसार सिरमौर जिले के कोटी गांव का पदम सिंगटा (23) अपने किसी दोस्त की शादी में कुपवी के ओरन गांव आया हुआ था। शनिवार को दोस्त की शादी में पहुंचने के बाद शाम को सभी लोग शादी में मौज मस्ती में झूम रहे थे। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ देखा। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मौत के कारणों की छानबीन के लिए डीएसपी चौपाल भी मौके पर गए।
शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला लाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा कि युवक ने आत्महत्या की थी या उसकी हत्या हुई है। एसपी आरएम शर्मा का कहना है कि आईजीएमसी में पास्टमार्टम करवाने के बाद रिपोर्ट पर दो विशेषज्ञ डॉक्टरों की राय ली जाएगी। डॉक्टरों की राय के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
पिता ने कहा, हत्या हुई
मृतक के पिता अत्र सिंह ने इसे हत्या बताया है। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम को उनके बेटे की टिक्कर गांव के लड़कों के साथ कहासुनी हुई थी। उसके बाद रात को ही यह पूरा घटनाक्रम हुआ है। मृतक के हाथ बंधे हुए थे और जिस पेड़ से शव लटका था उसकी उंचाई भी ज्यादा नहीं है। मृतक के पांव धरती से लग रहे थे।
उसकी टोपी मौके से करीब एक सौ मीटर दूर पड़ी थी और कमीज भी फट चुकी थी। सिर पर भी चोट के निशान हैं। इससे साफ है कि उनके बेटे की हत्या की गई है। कुपवी में संदिग्ध अवस्था में हुई मौत पर पुलिस अभी कुछ भी कहने से बच रही है। पुलिस के अनुसार जिस अवस्था में शव बरामद किया गया है उससे आत्महत्या की आशंका भी जताई जा रही है। आईजीएमसी में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा जिससे इस रहस्य से पर्दा उठ सके।










