रिमांड में उगलेंगे हत्या का राज
अम्बाला सिटी. सिटी पालीटेक्निक में जींद के युवक सुनील को मौत के घाट उतारने वाले चार युवकों को रविवार सुबह पुलिस ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया। जहां से तीन आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। जबकि एक आरोपी को सेंट्रल जेल भेजा गया।
इस मामले में अभी एक आरोपी की गिरफ्तारी बकाया है। जिसका चंडीगढ़ पीजीआई में उपचार चल रहा है। असल में शनिवार सुबह जींद के पैगा गांव में रहने वाला सुनील अपने दोस्त से मिलने पालीटेक्निक गया था। जहां कुछ युवकों ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया।
सुनील के सीने में चाकू लगने के बाद उसने दम तोड़ दिया था। सुनील की मौत के बाद एक हमलावर आरोपी भूपेंद्र ने खुद को चाकू मारकर घायल कर लिया था। फिर बाद में उसे उसी के साथियों ने उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और हमलावर आरोपियों की तलाश की।
इसी बीच पुलिस हमले में घायल हुए युवक भूपेंद्र का पता लेने पहुंची। जहां पूछताछ के दौरान पुलिस को सारी सच्चई का पता चल गया। इसके बाद पुलिस ने भूपेंद्र व वहां मौजूद युवकों को हिरासत में लिया और उनसे थाने में गहन पूछताछ की।










