Danik Bhaskar Logo
| 27 Editions | 9 States

Investor
Monday, November 16, 2009 02:12 [IST]  

danik bhaskarफाटक होगा बंद, शुरू होगी समस्या

रोहित सिद्धू

जालंधर. खालसा कालेज रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) प्रोजैक्ट के तहत फाटक बंद करने के आदेश मिल चुके हैं। इससे ट्रैफिक की गंभीर समस्या पैदा होने वाली है, लेकिन नगर निगम व जिला ट्रैफिक पुलिस ने अभी तक कोई पुख्ता योजना नहीं बनाई है। हालांकि शहर के लोकल ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए आरओबी के दोनों तरफ सवा तीन करोड़ की लागत से 16-16 फुट के सब-वे बनाने की योजना बनाई गई थी, जिसे अभी तक राज्य सरकार से मंजूरी नहीं मिल सकी है।



सब-वे के जरिए पैदल, साइकिल सवार, स्कूटर और स्कूलों की बग्गी के निकलने का रास्ता बनाया जाना है। हालांकि पीडब्ल्यूडी व निगम के पदाधिकारियों का कहना है कि सब-वे के लिए अलग से टैंडर लगेंगे। सारा खर्च राज्य सरकार को उठाना होगा और इसके पानी निकालने का इंतजाम निगम को करना है। रेलवे की तरफ से ड्राईंग्स न मिलने से आरओबी का काम एक महीना लटक गया है।



अगर रेलवे जल्द ड्राईंग्स मुहैया करवा देता है तो काम जल्दी शुरू हो सकेगा। रेलवे ने 16 अक्तूबर को ड्राईंग्स सौंपने थे। पुल को जोड़ने केलिए चार पिल्लर बनाने के लिए फाऊंडेशन का काम करना है, जिसकी ड्राईंग्स नहीं मिल पा रही है। अब बुधवार को ड्राईंग्स मिलने की आस है, जिसके मिलते ही रेलवे फाटक को बंद कर दिया जाएगा।



पार्षदों ने भी जताया एतराज: वार्ड-32 के पार्षद कृपाल पाली और वार्ड -33 के पार्षद शिव दयाल चुघ ने गढ़ा रोड पर बढ़ने वाली ट्रैफिक समस्या को देखते हुए मेयर राकेश राठौर से तुरंत सब-वे बनवाने की मांग की थी, ताकि शहर का लोकल ट्रैफिक सुचारू ढंग से चलता रहे और डिफैंस कालोनी व गढ़ा रोड पर ट्रैफिक का बोझ न बढ़े। चुघ ने बताया कि इस सब-वे की मंजूरी हाऊस से भी ली जा चुकी है।



गढ़ा रोड पर बढ़ेगा ट्रैफिक बोझ



खालसा कालेज फाटक पांच मिनट ही बंद रहे तो सारा ट्रैफिक डिफैंस कालोनी, छोटी बारादरी और गढ़ा रोड की तरफ निकलने लगता है, जिससे वहां लंबा जाम लग जाता है। अगर आरओबी के कारण फाटक दो से चार महीने बंद रहेगा तो इन कालोनियों सहित गढ़ा रोड पर ट्रैफिक की स्थिति विकराल रूप ले लेगी।



समस्या से निजात दिलाने के लिए कोई योजना नहीं बनाई गई है। गढ़ा रोड पर पहले ही मैडीकल कालेज और आने वाले दिनों में रिलायंस का मल्टीप्लैक्स बनने वाला है, जिससे वहां वाहनों का बोझ और भी बढ़ जाएगा। लोगों का कहना है कि इसे लेकर प्रशासन को पुख्ता योजना बनानी होगी।



काम जल्द शुरू होगा



जैसे ही रेलवे ड्राईंग्स दे देता है तो तुरंत काम शुरू हो जाएगा और रेलवे फाटक को बंद करना पड़ेगा। सब-वे की अभी मंजूरी नहीं मिली है, वैसे भी उसका काम पुल बनने के बाद ही होगा। - बी.एस तुली, एक्सईएन (बीएंडआर), पीडब्ल्यूडी, जालंधर



हम पहले ही ट्रैफिक को डिफैंस कालोनी व लाडोवाली रोड पर डाइवर्ट कर रहे हैं। फाटक बंद होने के बाद और भी ज्यादा ध्यान दिया जाएगा। हमारे पास कोई और रास्ता नहीं है, इसलिए यही एक विकल्प है। - एस. अग्निहोत्री, एसपी (ट्रैफिक), जालंधर



ट्रैफिक सुचारू रूप से चलाने के लिए फाटक बंद होने से पहले योजना बनाई जाएगी। कोशिश की जाएगी कि किसी भी रिहायशी इलाके में ट्रैफिक का अधिक बोझ न पड़े। - राकेश राठौर, मेयर, जालंधर

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: