अजमेर में खुले सैनिक भर्ती कार्यालय
पाली. कोई नौकरी, कोई विद्यालय तो कोई पानी मांग रहा है। मगरा क्षेत्र के रावत राजपूत महान हैं जो देश के लिए बंदूक हाथ में लेने की मांग कर रहे हैं। सैनिक भर्ती कार्यालय जयपुर से वापस अजमेर लाने के लिए भरपूर प्रयास किया जाएगा। सेंदड़ा में अखिल भारतीय रावत राजपूत महासभा की ओरसे आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजसमंद सांसद गोपालसिंह शेखावत ने उक्त विचार व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि सैनिक भर्ती कार्यालय ब्रिटिश काल से अजमेर में चल रहा था। रावत समाज के बंधु महान है, जो सैनिक भर्ती कार्यालय पुन: अजमेर में स्थापित करने की मांग कर रहे हैं। ब्यावर को जिला बनाने और भर्ती कार्यालय वापस अजमेर में खुलवाने की पूरी ताकत से कोशिश की जाएगी। शिक्षा मित्रों के ज्ञापन पर शेखावत ने इस संबंध में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से बात करने की बात कही।
इस अवसर पर संसदीय सचिव दिलीप चौधरी ने अकाल से निपटने के लिए सरकार ने पाली में अकाल राहत घोषित कर दिया है। नरेगा कार्य में 150 दिन पूरे होने पर श्रमिकों को अकाल राहत में जोड़कर रोजगार दिया जाएगा। वहीं नरेगा श्रमिकों को शीघ्र भुगतान के लिए मिनी बैंकों की स्थापना की जाएगी। ब्यावर विधायक शंकरसिंह ने पानी की समस्या से जूझ रहे ब्यावर क्षेत्र को बिसलपुर पानी की पाइप लाइन से जोड़ने की मांग की।
पूर्व विधायक हीरासिंह चौहान ने बताया कि मगरा क्षेत्र के लोग पिछले तीस सालों समस्याओं के निराकरण के लिए ज्ञापन देते आ रहे हैं। इससे पूर्व विशिष्ट अतिथियों व पूरणसिंह चौहान, मंजुदेवी, विद्यार्थी मित्र के प्रदेशाध्यक्ष दीपकसिंह, सतीश पालीवाल, पूर्व जिला प्रमुख लालसिंह रावत आदि का माला व साफा पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में अभिभावक संघ के अध्यक्ष मोहनसिंह चौहान, नारायणसिंह चौहान आदि उपस्थित थे।
महंगाई को लेकर मंच पर आई महिला
सम्मेलन में संसदीय सचिव दिलीप चौधरी के संबोधन के दौरान भीड़ से रामगढ़ की महिला मीरादेवी मंच पर आई। माइक हाथ में लेकर उसने खाद्य पदार्थ चीनी, दालें आदि के बढ़ते दामों को लेकर सवाल उठाया।










