शव की शिनाख्त सुराग लगा हाथ
पाली. रोहट के निकट निंबली गांव के पास एक खेत में मिले महिला के जले हुए शव की शिनाख्त वचनी (37) पत्नी देवाराम मेघवाल निवासी जेतपुर के रूप में हो गई। रविवार को सुबह मृतका के पति और भाई ने मोर्चरी में पहुंच उसकी पहचान की। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव उसके परिजनों को सौंप दिया। मृतका के परिजनों से हुई पूछताछ के बाद पुलिस के हाथ हत्याकांड से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग लगे है।
छानबीन के बाद पुलिस ने मृतका शिनाख्त होने तथा उसके गहने सलामत मिलने के बाद यह तो साफ हो गया कि उसकी हत्या लूट—पाट के इरादे से नहीं की गई। इस मामले में संदेह की भूमिका वाले एक युवक का पता लगाया है, जो घटना के खुलासे के बाद से फरार है। एसपी डॉ. बीएल मीणा ने बताया कि इस मामले का जल्द ही राजफाश हो जाएगा।
पुलिस संदेह के दायरे में आए युवक की भूमिका और उसकी लोकेशन का पता लगा रही है। इसके अलावा भी अन्य पहलुओं की जांच कर पुष्टि की जा रही है। ज्ञात रहे कि शनिवार सुबह रोहट के पास एक खेत में महिला का जला हुआ शव मिला था। मृतका के गहने सलामत थे, जबकि उसकी चुड़िया पास ही में बिखरी हुई थी।
घटना स्थल के पास खून के धब्बे व एक घड़ी भी मिली। वहां बाइक के टायरों के निशान भी पाए गए। पुलिस का कहना है कि संभवत:शुक्रवार की रात को किसी ने महिला की हत्या कर उसका शव जला दिया।
बहन के ससुराल गई थी महिला
पुलिस ने छानबीन कर पता लगाया कि गुरुवार को जेतपुर गांव से वचनी जोधपुर के सिणली-सोनाई गांव में अपनी बहन की मौत होने पर उसके ससुराल में जाने का कह कर घर से निकली थी। गुरुवार की शाम को जोधपुर के रिक्तिया भैरुजी बस स्टैंड तक मृतका का भाई ने उसे छोड़ने आया था।
उसके बाद वह कहां और किसके साथ गई, इस बारे में इंवेस्टीगेशन चल रही है। पुलिस ने मामले में और तहकीकात में पता लगाया कि जेतपुर निकलने के बाद उसे किसी युवक के साथ मोटरसाइकिल पर देखा गया था। वह युवक घटना के बाद से फरार है। इस बारे में और छानबीन की जा रही है।










