कांग्रेस के अधिकांश टिकट 22 तक तय.
रतलाम. कांग्रेस ने उम्मीदवारी के लिए नियम बनाए हैं उनका पालन किया जाएगा। विधानसभा व लोकसभा में कांग्रेस के विरोध में काम करने वालों को टिकट नहीं दिए जाएंगे। प्रदेश की हर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी खड़ा करेगी। पर्यवेक्षक 19 नवंबर तक अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस को सौंप देंगे और अधिकांश निकायों व वार्डो के पार्टी प्रत्याशियों का चयन मौटे तौर पर 22 नवंबर तक हो जाएगा। जहां कुछ टिकटों के लिए खींचतान होगी उनके निर्णय बाद में होंगे। टिकट वितरण में युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
यह बात प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष व रतलाम के प्रभारी पूर्व सांसद बालकवि बैरागी ने रविवार शाम दो बत्ती स्थित शहर कांग्रेस कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कांग्रेस में गुटबाजी नहीं है। कांग्रेस का अंतरकलह उभरकर परिणाम तक पहुंच चुका है।
अब दोबारा कांग्रेसी ऐसी गलती नहीं करेंगे। महापौर पद के लिए अल्पसंख्यक को टिकट देने संबंधी मांग के संबंध में श्री बैरागी ने कहा उन्होंने मांग की है और सरदार हरदयालसिंह का नाम प्रस्तावित किया है। पूरे प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति अच्छी रहेगी और बड़ी तादाद में पार्टी प्रत्याशी जीत हासिल करेंगे।
हर जगह पार्टी स्थानीय मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी और हर निकाय में कांग्रेस का स्थानीय घोषणा-पत्र भी होगा जिसमें स्थानीय मुद्दे होंगे। निकायों में 50 फीसदी महिलाओं के आने से स्थितियां सुधरेंगी और पुरुषों का हस्तक्षेप कम होगा।
महापौर के 11 आवेदन आए-श्री बैरागी ने बताया महापौर पद के लिए उन्हें अभी तक ११ और पार्षद पद के लिए 22 वार्ड से आवेदन प्राप्त हुए हैं। शहर में 49 वार्ड हैं लेकिन सभी वार्डो के लिए आवेदन नहीं मिले हैं। महापौर पद के जो आवेदन आए हैं उनमें तीन महिला दावेदार शामिल हैं।
चुनाव के बाद बदल सकते हैं मुख्यमंत्री-श्री बैरागी ने कहा भाजपा चुनाव आगे बढ़ाना चाहती थी और अभी भी उसकी कोशिश है कि चुनाव टल जाए लेकिन चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है इसलिए चुनाव आगे नहीं बढ़ेंगे। चुनाव के बाद मुख्यमंत्री शिवराजसिंह बदले जा सकते हैं क्योंकि देश में भाजपा में जो अंतरकलह चल रहा है उससे मध्यप्रदेश भी अछूता नहीं है।
दोपहर 1 से 6 बजे तक पर्यवेक्षक लेंगे आवेदन-पर्यवेक्षक गुरु प्रसाद अरोड़ा ने बताया वे 16 नवंबर से शहर कांग्रेस कार्यालय दो बत्ती पर दोपहर 1 से 6 बजे तक आवेदन लिए जाएंगे। इसके पहले सुबह वार्डो का भ्रमण कर वहां भी आवेदन प्राप्त करेंगे।










