Monday, November 16, 2009 04:18 [IST]  

danik bhaskarडाक्टर बताए, तभी ले टेमी फ्लू

भास्कर न्यूज

पाली. स्वाइन फ्लू के रोगियों को टेमी फ्लू की सहज उपलब्धता के लिए राज्य सरकार ने हर जिले में अधिकृत सेंटर घोषित कर दिए हैं, किंतु इसके साथ ही ड्रग इंस्पेक्टर ने जांच रिपोर्ट के बिना टेमी फ्लू की दवा नहीं लेने की हिदायत दी है। राज्य सरकार ने पाली बांगड़ अस्पताल में स्थित कॉपरेटिव दुकान को टेमी फ्लू की दवा व सिरप विक्रय के लिए अधिकृत कर दिया है।



चिकित्सक की पर्ची लाने पर मरीज उक्त दुकान से दवा प्राप्त कर सकेंगे। ड्रग इंस्पेक्टर मनोज टोंगरा ने बताया कि हर जिले में स्वाइन फ्लू की दवा आसानी से मिले इसके लिए कुछ दुकानों को लाइसेंस देकर अधिकृत किया गया है, किंतु चिकित्सक के लिखे जाने पर ही दवा दी जाएगी। स्वाइन फ्लू के खौफ के चलते सर्दी जुकाम के मरीज टेमी फ्लू की दवा लेने का प्रयास नहीं करें।



टोंगरा ने बताया कि टेमी फ्लू के दुष्प्रभाव भी बहुत हैं। स्वाइन फ्लू की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाए जाने पर ही यह दवा लेना उपयुक्त है। वर्तमान में यह दवा चिकित्सक के सुपरविजन में ही मरीज को दी जाएगी। स्वाइन फ्लू नहीं होने पर भी टेमी फ्लू की दवा लेने पर रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो सकती है। हो सकता है कि बाद में स्वाइन फ्लू होने पर यह दवा भी काम न करें।इसलिए सामान्य सर्दी जुकाम होने पर टेमी फ्लू दवा लेने की चेष्टा नहीं करें।



सायरा के पूरे परिवार को टेमी फ्लू



पाली की सायरा बानो में स्वाइन फ्लू के पॉजिटिव लक्षण होने के कारण जोधपुर स्थित एमडीएम में उपचाररत है। सायरा के परिवार के 16 सदस्यों को ऐहतियात के तौर पर चिकित्सकों के निर्देशन में टेमी फ्लू की दवा दी गई। पाली में स्वाइन फ्लू की दस्तक के बाद लोगों में इसका डर और बढ़ गया है।



मेडिकेयर ड्रग स्टोर को भी मिला लाइसेंस



कॉपरेटिव दुकान के अलावा बांगड़ अस्पताल में संचालित मेडिकेयर ड्रग स्टोर को भी स्वाइन फ्लू की दवा विक्रय करने के लिए अधिकृत कर दिया गया है। ड्रग इंस्पेक्टर मनोज टोंगरा ने बताया कि मेडिकेयर ड्रग स्टोर को भी लाइसेंस मिल गया है। एक दो दिन में यहां भी स्वाइन फ्लू की दवा व सिरप मिलने लगेगी।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: