Monday, November 16, 2009 04:37 [IST]  

danik bhaskarजीप-ट्रक भिडंत, पांच की मौत

भास्कर न्यूज

तिजारा. भिवाड़ी-अलवर राज मार्ग पर गांव बालियावास के पास शनिवार देर रात ट्रक व बोलेरो गाड़ी की भिड़ंत में पांच जनों की मौत हो गई तथा चार जने घायल हो गए। तीन घायलों को उपचार के लिए अलवर रैफर किया गया है। सभी लोग विवाहिता के गौणो की रस्म के बाद गांव लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार मार्बल चिप्स से भरा एक ट्रक शनिवार देर रात करीब बारह बजे अलवर से भिवाड़ी जा रहा था।



गांव बालियावास के पास ट्रक की सामने से आ रही बोलेरो से भिड़ंत हो गई। बोलेरो बुरहेड़ा (टपूकड़ा) से तिजारा की ओर आ रही थी। इस दुर्घटना में हनुमान पुत्र रामनाथ गुर्जर (60), बनेसिंह पुत्र हनुमान गुर्जर (24), पप्पू पुत्र फूलाराम गुर्जर (25), अमरसिंह पुत्र मांगू राम गुर्जर (24) व सुनीता पत्नी धनसिंह गुर्जर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि रामशरण पुत्र दौलतराम, धनसिंह पुत्र गीलाराम, बाबूलाल पुत्र गीलाराम, सीताराम पुत्र सुगनचंद निवासी देवसन (बानसूर) घायल हो गए।



सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी मृतकों व घायलों को बाहर निकाला। घायलों में तीन जनों रामशरण, धनसिंह व बाबूलाल को हालत गंभीर होने के कारण सामान्य चिकित्सालय अलवर रैफर कर दिया गया। पांचों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक व घायल बुरहेड़ा से सुनीता का गौणा करने के बाद देवसन लौट रहे थे।



तीन माह पहले ही हुआ था विवाह



ट्रक-बुलेरो गाड़ी की भिड़ंत में मरी सुनीता का आदर्श विवाह करीब तीन माह पहले ही बानसूर क्षेत्र के देवसन गांव निवासी धनसिंह के साथ हुआ था। मृतका की बहन कौशल्या ने बताया कि परिवार में तीन बहनें हैं। इनमें सुनीता सबसे छोटी थी।



शनिवार को ससुराल पक्ष के लोग सुनीता का गौणा कराने आए थे। सभी गौणो की रस्म के बाद बुलेरो से लौट रहे थे तभी ट्रक से हुई बुलेरो की भिड़ंत में सुनीता की मौत हो गई। दुर्घटना में सुनीता का पति धनसिंह भी घायल हुआ है जिसका अलवर अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।



खुशियों को लगा ग्रहण



सुनीता व धनसिंह दोनों के परिजन गौणो की खुशी से सराबोर थे। खुशी के माहौल में ही ससुराल पक्ष के लोगों को विदाई दी गई लेकिन मानों कुछ किलोमीटर चलने के बाद ही उनकी खुशियों को ग्रहण लग गया। गाड़ी की रफ्तार ने पांच जिंदगियों को मौत की नींद सुला दिया।



हर आंख हुई नम



बानसूर। तिजारा के पास दुर्घटना में मरे पांच में से चार लोगों के शव रविवार को देवसन पहुंचे तो गांव में मातम छा गया। इन सभी मृतकों का एक ही श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के समय ग्रामीणों की आंखें बरबस ही नम हो गईं। अंतिम संस्कार में महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष शकुंतला रावत, भौंरेलाल बागड़ी, विशंभर गुर्जर, कमल तिवाड़ी, धर्मपाल गुर्जर आदि भी शरीक हुए।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: