हनुमानगढ़ में मिली स्वाइन फ्लू की रोगी
हनुमानगढ़. जयपुर के बाद अब हनुमानगढ़ जिले में भी स्वाइन फ्लू ने दस्तक दे दी है। रावतसर की रितिका (20) पुत्री बेगाराम का टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मच गया है। रितिका लक्ष्मणगढ़ स्थित मोदी इंस्टीट्यूट की छात्रा है। वह शुक्रवार को वहां से अपने घर आई थी। तभी उसकी तबीयत खराब हो गई। उपचार के लिए उसे टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय में डॉ. राजेश कटेवा से चेकअप करवाया गया।
शक होने पर डॉ. ने स्वाइन फ्लू की जांच करवाई। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद चिकित्सकों ने उपचार शुरू कर दिया है। स्वाइन फ्लू का रोगी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। सीएमएचओ ने बताया कि लक्ष्मणगढ़ से आने वाले सभी विद्यार्थियों की जांच की जा रही है। अभी तक आठ छात्राओं की जांच की जा चुकी है। अभिभावक चिंतित: जिले के काफी बच्चे लक्ष्मणगढ़ स्थित मोदी इंस्टीट्यूट में पढ़ते हैं।
वहां के कुछ विद्यार्थियों को भी स्वाइन फ्लू हो गया था। इसलिए आशंका जताई जा रही है कि वहां से आने वाले छात्र-छात्राओं को स्वाइन फ्लू की आशंका है। इसको लेकर अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। कुछ अभिभावक अपने बच्चों को वहां से घर ला रहे हैं। वैसे वहां स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए अलग से एक चिकित्सक दल भेजा गया है, जो सभी विद्यार्थियों की जांच कर रहे हैं।
...जांच जरूर करवाएं
स्वास्थ्य विभाग ने ऐसे छात्र-छात्राओं की जांच करवाने की हिदायत दी है जो लक्ष्मणगढ़ से वापस आ रहे हैं। सीएमएचओ ने बताया कि स्वाइन फ्लू को लेकर ऐहतियात बरती जा रही है। लोगों को कोई परेशानी न हो इसलिए जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वाइन फ्लू की जांच के लिए एक अलग से सेंटर खोला गया है तथा उक्त सेंटर पर अलग से चिकित्सक की डच्यूटी लगाई गई है।
सेंटर पर जाकर कोई भी व्यक्ति नि:शुल्क जांच करवा सकता है। अगर चिकित्सक को कोई संदेह होता है तो उसकी जांच के लिए सेंपल लेने की व्यवस्था है। ऐसे रोगियों के उपचार के लिए अलग से स्क्रीनिंग सेंटर खोले गए हैं। इसके अलावा स्वाइन फ्लू रोगियों के लिए नि:शुल्क दवा भी उपलब्ध करवाई जा रही है।
अलर्ट है चिकित्सा विभाग
रावतसर की रितिका की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसका उपचार शुरू कर दिया गया है। जिले में स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर इसके लिए नि:शुल्क दवा उपलब्ध करवाई गई है। स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट है। - डॉ. सुभाष राजपूत, सीएमएचओ हनुमानगढ़










