प्रदेश के खुफिया तंत्र को किया अलर्ट
करनाल. हरियाणा की लाटरी खोलने को लेकर भेजे गए धमकी भरे पत्र को पुलिस ने गंभीरता से लिया है। पुलिस ने प्रदेश के खुफिया तंत्र को अलर्ट कर दिया है। खुफिया तंत्र से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी पूरे प्रदेश में एक दूसरे से सामंजस्य बनाकर रखेंगे और प्रदेश के हर हिस्से पर नजर रखे हुए हैं।
इसके अलावा पुलिस ने टीमों का भी गठन कर दिया है। विदित रहे कि शुक्रवार दोपहर को तीन बजे के आसपास विधायक सुमिता सिंह के निवास पर एक पत्र आया था, जिसमें धमकी दी गई थी कि यदि हरियाणा की लाटरी न खोली तो सांसद दीपेंद्र हुड्डा की शादी में बम धमाके किए जाएंगे।
पुलिस ने विधायक सुमिता सिंह की शिकायत पर धमकी देने वाले व्यक्ति के खिलाफ आईपीसी की धारा 506 के तहत मामला दर्ज कर किया है। एएसपी वेदप्रकाश गोदारा का कहना है कि पत्र को पुलिस पूरी गंभीरता से ले रही है। प्रदेश भर के खुफिया तंत्र को अलर्ट करने के अलावा टीमों का गठन कर दिया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।










