दोस्त मिले तो चेहरे खिले
करनाल. ओल्ड ब्वायज मीट से रविवार को सैनिक स्कूल कुंजपुरा महक रहा था। यह मीट भूतपूर्व विद्यार्थियों की यादों को ताजा कर गई। सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा और भारतीय थल सेना के अध्यक्ष जनरल दीपक कपूर ने गले मिलकर खुशियों को बांटा। सहपाठियों के साथ खुलकर मिले। मित्रों से हाथ मिलाते हुए उनके चेहरों पर छाई खुशी साफ दिखाई पड़ रही थी।
इस दौरान उन्होंने खेल मैदान में पहुंचकर स्कूल के कुंजीयन के खेल देखे तो सैनिकों के पैराशूट के करतब भी। लगभग 12 बजे खेल मैदान में सीएम भूपेंद्रसिंह हुड्डा पहुंचे तो वर्तमान कुंजीयन के साथ-साथ भूतपूर्व कुंजीयन के चेहरे भी खिल गए।
भूतपूर्व कुंजीयन में एक से बढ़कर एक हस्ती उपस्थित थी, लेकिन यहां सब एक विद्यार्थी की तरह पेश आ रहे थे। चिलियनवाला हाउस के ओल्ड ब्वायज का उत्साह तो और भी उफान पर था, जिनके साथ मिलते हुए सीएम ने हंसी के ठहाके भी लगाए।
इसी दौरान साढ़े बारह बजे के लगभग चीफ आफ आर्मी जनरल दीपक कपूर ने खेल ग्राउंड में दस्तक दी। बीच रास्ते में ही श्री कपूर ने सहपाठियों व मित्रों से हाथ मिलाना शुरू कर दिया था। दोनों सख्शियत के सिक्योरिटी गार्ड भी बड़ी नर्मी से पेश आ रहे थे।
बच्चों ने लिए ऑटोग्राफ
स्कूल के ओल्ड ब्वायज भूपेंद्र सिंह हुड्डा व थल सेना अध्यक्ष जनरल कपूर से मिलने के लिए हर व्यक्ति उत्सुक रहा। पुराने मित्रों ने हाथ मिलाकर खुशी का अहसास किया तो स्कूल के बच्चों ने आटोग्राफ लेकर समारोह की यादों को भविष्य के लिए सुरक्षित करने का काम किया।
पंजाब सर्कल से मिले 90 आर्मी आफिसर
हरियाणा, पंजाब व हिमाचल (पंजाब सर्कल) से देश को अनुशासित सैनिक आफिसर मिल रहे हैं। पिछले एक साल में इस सर्कल से आर्मी को 90 आफिसर मिले जो यहां के लिए गर्व की बात है। इसमें से 43 एनसीसी व 47 सैनिक स्कूल के बच्चे हैं। यह बात थल सेना अध्यक्ष मेजर दीपक कपूर ने रविवार को एनडीआरआई के आडीटोरियम में एनसीसी के वार्षिक कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स द्वारा दिया गया गार्ड आफ आनर बेहतर रहा।
एनसीसी हमें अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ, जागरूक व देशभक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि अभी इंटरकंट्री में सौ कैडट्स जाते हैं इनकी संख्या बढ़ाकर दो सौ की जा रही है। इसी तरह अभी 13 लाख कैडेट्स हैं जबकि करीब चार लाख आने को उत्सुक हैं। इसलिए यह संख्या 13 से बढ़ाकर 15 लाख की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले साल कार्यक्रम में कन्याभ्रूण हत्या पर साइकिल रैली को रवाना किया था। इस बार कैंसर रैली को रवाना करते हुए खुशी हो रही है।










