देशभर से आए श्रद्धालु
आलोट. आराधकों के मालारोपण समारोह में देशभर से आए हजारों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर धार्मिक कार्यक्रमों का लाभ लिया। आचार्यश्री नवरत्नसागर सूरिश्वरजी म.सा. ने मांगलिक प्रवचन दिए। इसके बाद आराधकों को माला पहनाई गई।
प्रथम मालारोपण का लाभ सीताबाई-दीपचंद जैन ने लिया। उन्होंने संगीता-मोहनलाल जैन, साधना-धरमचंद जैन एवं दुर्गादेवी-इंदरमल जैन को माला पहनाई। प्रत्येक आराधक को उपधान समिति की ओर से सोने की दो ग्राम वजनी गिन्नी भेंट की गई।
मोक्षमाला का परिधान करवाया-शासकीय उमावि परिसर में आचार्यश्री के सान्निध्य में सुबह ८ से दोपहर ३ बजे तक मालारोपण विधि हुई। इसके बाद आचार्यश्री ने प्रत्येक आराधक को सूरीमंत्र से अभिमंत्रित वासक्षेप डालकर मोक्षमाला का परिधान करवाया। इसके साथ ही उपधान तप की पूर्णाहुति हुई।
अतिथियों का हुआ बहुमान-कार्यक्रम में अतिथि झालावाड़ के सांसद दुष्यंतसिंह, मप्र सामान्य निर्धन वर्ग आयोग अध्यक्ष बाबूलाल जैन, विधायक मदनलाल वर्मा का तीर्थ पेढ़ी की ओर से बहुमान किया गया।
तीर्थ पेढ़ी अध्यक्ष चंदालाल जैन, सचिव दीपचंद जैन, सह-सचिव धरमचंद जैन, ट्रस्टी विजयप्रकाश धींग, नथमल पितलिया, विमलचंद मूथा आदि ने स्वागत किया। इस दौरान तीर्थ पेढ़ी सचिव श्री जैन का सोने की चेन से बहुमान किया गया। बाद में श्री जैन ने उक्त चेन भगवान को अर्पण कर दी। आराधकों व लाभार्थी परिवार का बहुमान भी हुआ।










