बना रहे सांप्रदायिक सौहार्द: एसपी
भीलवाड़ा. एसपी पी. रामजी ने कहा कि छोटी-छोटी बातों को लेकर बोलचाल और विवाद होना स्वाभाविक है, लेकिन ये घटनाएं सांप्रदायिकता का रूप लेती हुई तनाव पैदा कर देती है, जो ठीक नहीं है। शहर में सांप्रदायिक सौहार्द बना रहे इसके लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करने होंगे।
वे रविवार शाम कोतवाली में आयोजित सीएलजी की बैठक में विभिन्न समाजों के प्रतिष्ठित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सांप्रदायिक घटना होने के बाद दोनों पक्षों की ओर से सीएलजी सदस्य सामने आते हैं और समझौते के लिए कहते हैं। साथ ही दुबारा झगड़ा नहीं करने का आश्वासन भी देकर चले जाते हैं।
लेकिन वे अपने इस आश्वासन पर खरे नहीं उतर पाते हैं। ऐसा नहीं होना चाहिए। एसपी ने कहा कि सांप्रदायिक घटना के बाद बैठक बुलाने के कोई मायने नहीं होते हैं। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ही सभी समाज के लोगों को पुलिस-प्रशासन ने साथ लेकर यह बैठक बुलाई है। सभी को ऐसे प्रयास करने होंगे कि भविष्य में भीलवाड़ा में ऐसी कोई घटना न हो।
बैठक को एएसपी शिवराज मीणा, एडीएम सिटी सुरेन्द्र माहेश्वरी, सीओ सिटी कल्याणमल बंजारा, कोतवाल राहुल जोशी ने भी संबोधित किया। इस बैठक में शहर की विभिन्न कॉलोनियों के निवासी भी शामिल हुए। इनमें उपसभापति प्यारेलाल खोईवाल, पार्षद औंकार माली, ट्रांसपोर्ट यूनियन के अध्यक्ष विश्वबंधु सिंह, गुडविन मसीह, नूर मोहम्मद, अब्दुलरशीद पठान, गणोश प्रजापत, अशोक सोडानी, हीरालाल गुर्जर सहित कई लोग शामिल थे।










