भीलवाड़ा में जयपुर से भी महंगा खाना
भीलवाड़ा. अमूमन यह माना जाता है कि जितना बड़ा शहर, उतनी बड़ी महंगाई। पर भीलवाड़ा में इसका उलटा है। फूड, फ्यूल एवं लाइट के मामले में वस्त्रनगरी भीलवाड़ा ने जयपुर व अजमेर को भी पीछे छोड़ दिया है। मकान अभी भी यहां सस्ते हैं। इस लिहाज से अजमेर जयपुर से भी महंगा है।
जनरल इंडेक्स के मान से भी जयपुर के बाद भीलवाड़ा दूसरे नंबर पर है। यह बताते हैं श्रम ब्यूरो शिमला द्वारा जयपुर, अजमेर व भीलवाड़ा के औद्योगिक श्रमिकों के सितंबर में जारी किए कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (सीपीआई)। सीपीआई अगस्त 2009 के लिए जारी किए इंडेक्स का आधार वर्ष 2001 को 100 माना गया। आर्थिक एवं सांख्यिकी निदेशालय जयपुर ने हाल ही इन आंकड़ों का विश्लेषण भी किया। इनमें जुलाई-09 की तुलना में तीनों केंद्रों के जनरल इंडेक्स में 4 पाइंट की बढ़ोतरी हुई।
खाद्य पदार्थो, ईंधन, लाइट में जयपुर, अजमेर से भी महंगा भीलवाड़ा है। पान, सुपारी, तंबाकू उत्पाद अजमेर में सबसे महंगे हैं, जबकि जयपुर-भीलवाड़ा बराबर। मकानों के लिहाज से जयपुर से भी महंगा अजमेर माना गया है। तीनों शहरों में भीलवाड़ा में मकान सस्ते हैं। इसी तरह कपड़े, बिस्तर और फुटवीयर जयपुर, अजमेर से भीलवाड़ा में सस्ते हैं। अन्य वस्तुएं जयपुर में सबसे महंगी, अजमेर दूसरे नंबर पर है। इस हिसाब से भी भीलवाड़ा अभी कम महंगा है। ओवरऑल देखें तो तीनों शहरों में जयपुर के बाद भीलवाड़ा का दूसरा नंबर आता है।











