शराब बनाने वालों का नेटवर्क पूरे राजस्थान में
बीकानेर/श्रीडूंगरगढ़. स्प्रिट से अवैध शराब बनाकर बेचने वालों का नेटवर्क पूरे राजस्थान में फैला है। पुलिस ने स्प्रिट सप्लाई करने वाले सरगना को नामजद कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है।
बीकानेर पुलिस ने सीओ सदर सरजीतसिंह के नेतृžव में श्रीडूंगरगढ़ के पुंदलसर गांव में दबिश देकर स्प्रिट से अवैध शराब बनाने का कारखाना पकड़ा था। मौके से पकड़े गए छह अभियुक्त और उनकी निशानदेही पर छानबीन करने के बाद पुलिस को पता चला है कि स्प्रिट से अवैध शराब बनाकर सप्लाई करने वालों का नेटवर्क पूरे प्रदेश में फैला हुआ है। पुलिस ने स्प्रिट सप्लाई करने वाले सरगना मनोज यादव को नामजद कर लिया है। उसकी तलाश में जयपुर गई पुलिस की टीम ने खोजबीन भी की लेकिन वह हाथ नहीं लगा।
बीकानेर में कार्रवाई के बाद जयपुर पुलिस भी सक्रिय हो गई और स्प्रिट सप्लाई करने और उससे शराब बनाने वालों के नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है। गौरतलब है कि पुलिस ने गुरुवार की रात को पुंदलसर में भैरुंसिंह के मकान में दबिश देकर स्प्रिट से शराब बनाने का कारखाना पकड़ा था। मौके पर गिरफ्तार अभियुक्त छैलूसिंह ने बताया कि जयपुर निवासी जितेन्द्र उसे स्प्रिट सप्लाई करता था। जितेन्द्र इन दिनों सीकर जेल में है। पुलिस के एक दल वहां जाकर उससे पूछताछ की है।










