दो चिकित्सकों को स्वाइन फ्लू की आशंका
बीकानेर. स्कूली बच्चों, यात्रा कर रहे लोगों के बाद स्वाइन फ्लू ने अब चिकित्सकों के घरों में भी दस्तक दे दी है। मरीजों से हर दिन आमने-सामने होने वाले दो चिकित्सकों को स्वाइन फ्लू की आशंका में आइसोलेशन में रखा गया है। पीबीएम अस्पताल में भर्ती एक रोगी की रविवार को आई जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के इस व्यक्ति को बीमारी की पुष्टि होने के बाद बाना गांव में रोगी के परिजनों की जांच-पड़ताल के लिए टीम भेजी गई है। इसके साथ ही रविवार को दो चिकित्सकों सहित कुल छह व्यक्तियों में इस बीमारी की आशंका जताई गई। इन सभी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। ऐसे में स्वाइन फ्लू की चपेट में आए बीकानेरियन की तादाद आठ हो गई है।
दूसरी ओर बीकानेर ब्वॉयज स्कूल नौवीं क्लास के एक स्टूडेंट को इस रोग की पुष्टि होने के बाद बच्चों को स्कूल भेजने को लेकर परिजन असमंजस में हैं। स्कूल के प्राचार्य फादर जॉबी का कहना है, इस संबंध में जिला प्रशासन से बात हुई है। सोमवार को चिकित्सकों की टीम स्कूल पहुंचेंगी। बच्चों की जांच करने और जुकाम पीड़ितों की संख्या देखने के बाद स्कूल में छुट्टी करने के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
इस स्कूल में कुल दो हजार 780 बच्चे पढ़ते हैं। जांच के बाद रोग की पुष्टि होने वाली मरीजों की तादाद हालांकि अब तक आठ हुई है मगर इस बीमारी की आशंका से बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। विवार को पीबीएम अस्पताल में आउटडोर का समय काफी कम होने के बावजूद 12 लोगों का क्लिनिकल परीक्षण किया गया। जिला अस्पताल के आउटडोर में भी जहां फ्लू की आशंका में रोगी पहुंच रहे हैं वहीं इस अस्पताल की एक टीम पॉजिटिव रोगियों के परिजनों का परीक्षण करने में भी जुटी हुई है।










